मुख्यपृष्ठनए समाचारबिना दुल्हन लिए ही वापस लौटी बारात

बिना दुल्हन लिए ही वापस लौटी बारात

डॉ. कमल कान्त उपमन्यु / मथुरा

शादी समारोह में विवाद आम बात हो गई है। शादी समारोह में सब कुछ सामान्य चल रहा था, मेहमान भोजन का आनन्द ले रहे थे, जयमाला के बाद स्टेज पर फोटो शूट हो रहा था। दूल्हे की बहन ने कार्यक्रम स्थल पर रुकने के लिए कमरे की मांग की जो वधु पक्ष पूरा नहीं कर सका इससे बहन और बहनोई नाराज हो गए। बहन-बहनोई के नाराज हो जाने दूल्हें ने शादी करने से इंकार कर दिया। सात फेरों से पहले ही दूल्हा और दुल्हन के रास्ते हमेशा के लिए जुदा हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार नगला सुदामा की रहने वाली युवती का विवाह लक्ष्मीनगर निवासी युवक के साथ तय हुआ था। युवक भारतीय सेना में तैनात है। मांट थाना क्षेत्र स्थित राया रोड पर बने एक मैरिज होम में कल रात शादी समारोह के आयोजन में सब कुछ सामान्य चल रहा था, मेहमानों ने भोजन का आनंद लिया और जयमाला के बाद स्टेज पर फोटो शूट हो रहा था। इसी बीच दूल्हे की बहन ने कार्यक्रम स्थल पर रुकने के लिए एक कमरे की मांग की।
इस मांग को लेकर वधु पक्ष और दूल्हे की बहन के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि दूल्हे की बहन और बहनोई नाराज होकर घर चले गए। अपनी बहन और बहनोई के जाने से आहत दूल्हे ने शादी की रस्में आगे बढ़ाने से साफ इनकार कर दिया। उसका कहना था कि जब तक उसकी बहन वापस नहीं आएगी, वह फेरे नहीं लेगा। काफी मान-मनौव्वल के बाद भी जब बात नहीं बनी, तो मौके पर पुलिस बुलानी पड़ी। पूरी रात चले हंगामे के बाद रविवार सुबह पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। वहां कई घंटों की लंबी बातचीत के बाद भी सुलह की कोई गुंजाइश नहीं बची। अंतत: दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से रिश्ता तोड़ने का फैसला किया। शादी में अब तक हुए खर्च और लेन-देन का हिसाब पुलिस की मौजूदगी में चुकता किया गया। अंत में दूल्हा बिना दुल्हन लिए ही अपनी बारात के साथ वापस लौट गया।

अन्य समाचार