सामना संवाददाता / झुंझुनू
राजस्थान में झुंझुनू जिले के पौंख गांव निवासी एक व्यक्ति की आज सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार राजेन्द्र प्रसाद (40) पुत्र बहादरमल गुर्जर अपनी पत्नी अंजू देवी व दोहिता ऋषि के साथ बाइक पर सवार होकर नंगली गांव में शादी में जा रहा था। केड गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे राजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई और पत्नी मंजू व दोहिता ऋषि घायल हो गए। घायलों को पुलिस की मदद से गुढ़ागौड़जी अस्पताल लाया गया। मंजू देवी व ऋषि को गम्भीर चोट लगने पर सीकर रैफर कर दिया गया। इस संबंध में मृतक के बड़े भाई सांवरमल ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है।
