-दवा एजेंसी के बाद अब जाने-माने डॉक्टर के घर में सेंध लगाकर दस लाख के गहने व किए नकदी चोरी
सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
यूपी में योगी की सरकार है। सुल्तानपुर जिले में लेडी सिंघम के नाम से मशहूर आईपीएस चारू निगम पुलिस कप्तान हैं। पुलिसिया दावा है…पूरा शहर सीसी कैमरों से चाक चौबंद है। पुलिस हर कदम पर मुस्तैद है। बावजूद नगर पुलिस को साठ दिनों के भीतर लगातार दूसरी बार चोरों ने मात दे दी है। शनिवार/रविवार की दरमियानी रात बीच शहर हेड पोस्ट आफिस चौराहे पर स्थित जाने माने बाल रोग विशेषज्ञ डाक्टर संजय मिश्रा के घर की दीवार में सेंध लगाकर चोरों ने करीब दस लाख रुपये के गहने व नगदी उड़ा दिये। हमेशा चौकस रहने का दावा करने वाली इलाकाई पुलिस को वारदात की भनक तक नहीं लग सकी। इस वारदात ने पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े कर दिये हैं।
शाहगंज चौकी क्षेत्रांतर्गत हेडपोस्ट ऑफिस चौराहे के निकट डॉक्टर संजय मिश्रा का पुश्तैनी आवास व क्लिनिक है। उन्होंने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे से सुबह साढ़े पांच बजे के मध्य वारदात हुई। चोरों ने पड़ोसी मकान से घर की काफी मोटी पुरानी दीवार को नुकीले छेनी जैसे लंबे उपकरण से सेंध लगाकर काट डाला। इसके बाद घर में घुसकर लोहे की आलमारी को तोड़कर लगभग लगभग साढ़े तीन लाख रुपये नकद व छह लाख रुपये मूल्य के जेवरात सहित अन्य कीमती सामान चोरी उड़ा दिये। मौके पर से एक लोहे का नुकीला सब्बल पुलिस ने बरामद किया है। वारदात के राजफाश के लिये पुलिस कप्तान चारू निगम ने पांच टीमें गठित कर की हैं। जांच टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। सीओ सिटी सौरभ सामंत ने दावा किया कि पुलिस टीम संभावित संदिग्धों पर नजर बनाए हुए है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
बता दें कि अभी गत माह डाक्टर संजय मिश्रा के आवास के पड़ोस में ही वैद्यनाथ आयुर्वेद एजेंसी का शटर तोड़कर लाखों की नगदी चोरी हो गई थी। मात्र साठ दिनों के भीतर उसी इलाके में दूसरी सनसनीखेज चोरी की वारदात से पुलिस की चौकसी पर सवाल खड़ा कर दिया है।
