मुख्यपृष्ठनए समाचारसरनाईक ने हड़पी भूमिपुत्रों की भूमि! ...५० नगरसेवकों के साथ भाजपा विधायक...

सरनाईक ने हड़पी भूमिपुत्रों की भूमि! …५० नगरसेवकों के साथ भाजपा विधायक ने खोला मोर्चा

मंत्री के खिलाफ नरेंद्र मेहता ने पुलिस में की शिकायत
सुरेश गोलानी / मुंबई
महायुति के मंत्री प्रताप सरनाईक के ऊपर भूमिपुत्रों की जमीन हड़पने का आरोप लगा है। यह आरोप महायुति के घटक दल भाजपा के विधायक नरेंद्र मेहता ने लगाया है। मेहता ने इस संबंध में पुलिस में भी शिकायत दी है।
बता दें कि मीरा-भायंदर शहर में भाजपा और शिंदे गुट के बीच चल रहे टकराव ने सोमवार को ठाणे में भी दस्तक दे दी है। शिंदे गुट के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक से संबंधित विहांग बिल्डर्स एलएलपी और विहांग मरीना नामक दो कंपनियों के खिलाफ ठाणे में भायंदरपाड़ा स्थित जमीन जबरदस्ती हड़पने का आरोप लगाते हुए भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता ने मोर्चा खोल दिया है।
पोकलेन मशीन का उपयोग
आरोप है कि रविवार की रात उक्त कंपनियों के संचालकों ने पोकलेन मशीन का उपयोग कर भोईर कुटुंब की पैतृक संपत्ति पर स्थित घर, दुकान, मनपा निर्मित शौचालय और असंख्य पेड़ों को ध्वस्त कर गुंडों की सहायता से गैर-कानूनी कब्जा जमा लिया। इसके अलावा गुंडों ने भोईर परिवार के सदस्यों के साथ मार-पीट भी की, जिसमें महिलाओं सहित कई लोग घायल होने की खबर है।
मंत्री के भूमि कब्जे
का वीडियो वायरल!
मुश्किल में शिंदे गुट के सरनाईक

शिंदे गुट के मंत्री प्रताप सरनाईक पर भायंदरपाड़ा में भूमिपुत्रों की जमीन पर कब्जा करने का आरोप है। इस बात की शिकायत भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता ने की है। कथित रूप से कब्जा की जा रही जमीन का वीडिओ क्लिप सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। सोमवार को भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता ने मीरा-भायंदर मनपा की महापौर डिंपल मेहता और करीब ५० नगसेवकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पहले घटनास्थल का दौरा किया। इसके बाद सरनाईक से संबंधित कंपनियों के संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग को लेकर ठाणे मनपा के अतिरिक्त आयुक्त प्रशांत रोड़े और पुलिस उपायुक्त (परिमंडल-५) प्रशांत कदम को ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में ये आरोप लगाया गया है कि सरनाईक ने और उनके परिवार ने जमीन हड़पने के इरादे से अपनी ताकत और रसूख के बल पर किसी गरीब परिवार को अपने ही घर से बेदखल कर मंत्री पद का दुरुपयोग किया है जो एक अत्यंत लज्जास्पद कृत्य है। आने वाले दिनों में भाजपा और शिंदे गुट के बीच विवाद और हिंसक झड़पों के बढ़ने की प्रबल संभावनाओं को नकारा नहीं जा सकता।
‘मंत्री पद से सरनाईक की करो हकालपट्टी!’
इस गैरकानूनी कृत्य में कंपनी के संचालकों के सक्रिय सहभाग के पुख्ता सबूत होने के बावजूद पुलिस द्वारा किसी भी प्रकार की कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए नरेंद्र मेहता ने कहा कि अगर इस परिवार को न्याय नहीं मिला तो इस मामले में हम मुख्यमंत्री से भी मिलेंगे और अपने निजी स्वार्थ के लिए पार्टी तथा सरकार को बदनाम करने वाले ऐसे मंत्री की हकालपट्टी करने की मांग भी करेंगे।

अन्य समाचार