मुख्यपृष्ठसमाचारअखिलेश का पुतला फूंकने में घायल विधायक का हाल जानने अस्पताल पहुंचे...

अखिलेश का पुतला फूंकने में घायल विधायक का हाल जानने अस्पताल पहुंचे अखिलेश

मनोज श्रीवास्तव/लखनऊ

उत्तर प्रदेश में भाजपा द्वारा महिला जन आक्रोश सम्मेलन के तहत विभिन्न जिलों में रैलियां निकालकर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। संसद में महिला आरक्षण बिल पास न होने के विरोध में भाजपा कार्यकर्ता जगह-जगह कांग्रेस और सपा के पुतले जला रहे हैं। इसी क्रम में बीते दिनों बहराइच में राहुल गांधी और अखिलेश यादव का पुतला जलाते समय सदर विधायक अनुपमा जायसवाल आग की चपेट में आकर झुलस गई थीं। उन्हें तुरंत लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंगलवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव उनका हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे। इस मुलाकात की तस्वीर उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी साझा की।

अनुपमा जायसवाल से मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने लिखा, “हम नहीं चाहते कि समाज में आग फैले। हम चाहते हैं कि समाज में सौहार्द बना रहे। हमारी सकारात्मक राजनीति की परंपरा ने हमें यही सिखाया है। इसलिए हम भाजपा विधायक श्रीमती अनुपमा जायसवाल से मिलने गए और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। राजनीति अपनी जगह है और मानवीय संबंधों का महत्व अपनी जगह।”

अखिलेश यादव के इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। अधिकांश लोगों ने उनके इस कदम को राजनीतिक परिपक्वता का उदाहरण बताया। कई उपयोगकर्ताओं ने टिप्पणी की कि विरोध के बावजूद घायल विधायक से मिलना एक सकारात्मक संदेश देता है।

वहीं, भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल ने भी अपने एक्स अकाउंट पर अखिलेश यादव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, “पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव जी, आपका बहुत धन्यवाद। मातृ शक्ति के अधिकार और सम्मान की रक्षा के लिए यदि मुझे अपने प्राणों की आहुति भी देनी पड़े, तो मैं सदैव तत्पर रहूंगी। मुझे विश्वास है कि आप भी नारी वंदन अधिनियम पर अपना दृष्टिकोण बदलेंगे।”

गौरतलब है कि इस हादसे में अनुपमा जायसवाल का सिर, बाल और चेहरा झुलस गया है। उनके शुभचिंतकों का अस्पताल में लगातार आना-जाना लगा हुआ है। अखिलेश यादव ने अस्पताल पहुंचकर उनका अभिवादन किया और उनकी सेहत को लेकर डॉक्टरों से भी जानकारी ली।

अन्य समाचार