एक के बदले ४ तेल के कुएं उड़ाने की भी ईरानी राष्ट्रपति ने दी धमकी
एजेंसी / नई दिल्ली
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अब खुली धमकियों तक पहुंच गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की तेल पाइपलाइनें उ़ड़ाने की चेतावनी दी, तो ईरान ने उससे भी ज्यादा आक्रामक अंदाज में जवाब दिया। ईरान के उपराष्ट्रपति इस्माइल सघाब एस्फहानी ने साफ कहा कि तुम एक वार करोगे, तो हम चार गुना हमला करेंगे। जवाब ऐसा होगा कि दुनिया देखेगी।
ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर उसके तेल कुओं, पाइपलाइन या किसी भी बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा, तो हमलावर देशों का साथ देने वाले खाड़ी देशों के महत्वपूर्ण ठिकानों को चार गुना ज्यादा नुकसान पहुंचाया जाएगा। साफ शब्दों में कहा कि तुम एक बम मारोगे तो हम चार मारेंगे। इस बयान के बाद खाड़ी क्षेत्र में हलचल तेज हो गई है, क्योंकि ईरान ने सीधे उन देशों को निशाने पर लिया है, जो अमेरिका या इजरायल का समर्थन कर सकते हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म `एक्स’ पर एस्फहानी ने लिखा कि अगर ईरान के किसी भी इंप्रâास्ट्रक्चर पर हमला हुआ तो जवाब ऐसा होगा, जिसे दुनिया देखेगी। ईरान का यह बयान बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि सऊदी अरब, यूएई, कतर और बहरीन जैसे खाड़ी देश अमेरिकी सुरक्षा ढांचे का हिस्सा माने जाते हैं। ऐसे में अगर संघर्ष बढ़ता है, तो पूरा खाड़ी इलाका जंग का मैदान बन सकता है।
रूस-पाकिस्तान भी सक्रिय
तनाव के बीच ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची रूस पहुंचे हैं, जहां वह राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात कर सकते हैं। इससे पहले उन्होंने पाकिस्तान में सेना प्रमुख असीम मुनीर से भी मुलाकात की थी।
ट्रंप ने दी थी पाइपलाइन उड़ाने की भभकी
यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ, जब रविवार को `फॉक्स न्यूज’ को दिए इंटरव्यू में डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को सीधी धमकी दी। ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान ने युद्ध खत्म करने के लिए सीजफायर डील नहीं मानी, तो वे उनकी तेल पाइपलाइनों को बम से उड़ा देंगे। ट्रंप का मानना है कि तेल निर्यात रुकने से ईरान की अर्थव्यवस्था और पाइपलाइनें खुद-ब-खुद खराब हो जाएंगी।
