बाराबंकी की दुल्हनियां ने जवाब से जीता दिल
गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और घर-घर में गहराते संकट के बीच उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से एक अनोखी शादी चर्चा में आ गई है। सात फेरों के दौरान जब वचनों की बारी आई, तो दुल्हन ने ऐसा जवाब दिया जिसने वहां मौजूद सभी लोगों का दिल जीत लिया। पारंपरिक सात वचनों के साथ उसने एक ‘आठवां वचन’ जोड़ते हुए कहा कि वह जरूरत पड़ने पर चूल्हा जलाकर भी घर संभालेगी। दुल्हन की इस समझदारी और हालात के प्रति उसके नजरिए की अब हर तरफ चर्चा हो रही है।
मामला लोनी कटरा थाना क्षेत्र के खैरा बीरू गांव का है, जहां रहने वाले दूल्हे अशोक ने शादी से ठीक पहले अपनी होनेवाली पत्नी लक्ष्मी के सामने एक अलग तरह की शर्त रख दी। दरअसल, शादी से पहले अशोक को घरेलू गैस सिलेंडर लेने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई दिनों तक एजेंसी के चक्कर लगाने और लंबी लाइन में लगने के बावजूद समय पर सिलेंडर नहीं मिल सका। इसी अनुभव के चलते दूल्हे ने जयमाल से पहले दुल्हन से पूछा कि यदि भविष्य में गैस की किल्लत हो जाए तो क्या वह चूल्हे पर खाना बनाने के लिए तैयार रहेंगी। सवाल सुनकर बाराती और घराती कुछ पल के लिए चौंक गए, लेकिन दुल्हन लक्ष्मी ने बिना हिचकिचाए हामी भर दी। उसने यह भी कहा कि जरूरत पड़ी तो वह खेत में काम करने से भी पीछे नहीं हटेंगी।
बाराबंकी में गैस संकट के बीच एक अनोखी शादी चर्चा में है, जहां दूल्हे ने शादी से पहले दुल्हन के सामने चूल्हे पर खाना बनाने की शर्त रखी। दुल्हन के सकारात्मक जवाब ने सभी का दिल जीत लिया और शादी धूमधाम से संपन्न हुई।
