मुख्यपृष्ठसमाचारलगातार दूसरे साल दीया चितले बनीं सबसे महंगी भारतीय खिलाड़ी ...पुणे जैगुआर्स...

लगातार दूसरे साल दीया चितले बनीं सबसे महंगी भारतीय खिलाड़ी …पुणे जैगुआर्स ने UTT सीजन 7 ऑक्शन में फिर जताया भरोसा

मुंबई: पीबीजी पुणे जैगुआर्स ने बटरफ्लाई अल्टीमेट टेबल टेनिस (UTT) सीजन 7 के ऑक्शन में एक बार फिर भारतीय प्रतिभा पर बड़ा दांव खेलते हुए दीया चितले को लगातार दूसरे साल सबसे महंगी भारतीय खिलाड़ी बनाया। 37.4 लाख टोकन में उन्हें रिटेन किया गया, जिससे लीग में उनकी केंद्रीय भूमिका और अहमियत दोबारा साबित हुई।

टीम ने अपनी स्टार खिलाड़ी के इर्द-गिर्द संतुलित और मजबूत स्क्वॉड तैयार करने की रणनीति अपनाई। अंतरराष्ट्रीय अनुभव जोड़ते हुए पुणे ने फ्रांस की प्रिथिका पावाडे और मिस्र के उमर अस्सार को टीम में शामिल किया। वहीं घरेलू मोर्चे पर स्नेहित SFR, मुदित दानी और सायनिका माजी को जोड़कर टीम को और गहराई दी गई।

ऑक्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए UTT की को-प्रमोटर वीटा दानी ने कहा, “इस ऑक्शन ने एक बार फिर बटरफ्लाई UTT की गहराई और गुणवत्ता को दर्शाया है। यह देखना उत्साहजनक है कि टीमें अनुभवी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ-साथ उभरते भारतीय खिलाड़ियों में भी निवेश कर रही हैं।”
पुणे जैगुआर्स की रणनीति स्पष्ट रही एक भरोसेमंद भारतीय कोर तैयार करना और उसके साथ वैश्विक अनुभव व रणनीतिक संतुलन जोड़ना, ताकि टीम हर मुकाबले में प्रतिस्पर्धी बनी रहे।

टीम मालिक पुनीत बालन ने कहा, “दीया दुनिया की बेहतरीन खिलाड़ियों में शुमार हैं और हम उन्हें योजना का केंद्रीय हिस्सा बनाकर बेहद खुश हैं। हमने उनके आसपास एक मजबूत और संतुलित टीम बनाने पर ध्यान दिया है, जो पूरे सीजन में निरंतर प्रदर्शन कर सके।” मजबूत कोर, अनुभव और संतुलन के साथ पुणे जैगुआर्स सीजन 7 में प्रभावशाली प्रदर्शन के इरादे से उतरेंगे। लीग का प्रसारण जियोस्टार नेटवर्क पर होगा, जबकि जियोहॉटस्टार पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग की जाएगी। बटरफ्लाई UTT सीजन 7 में कुल सात टीमें हिस्सा लेंगी। सभी टीमें सिंगल राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में एक-दूसरे के खिलाफ एक-एक मुकाबला खेलेंगी। लीग चरण के अंत में शीर्ष चार टीमें नॉकआउट चरण में जगह बनाएंगी, जहां से खिताब की दौड़ और भी रोमांचक हो जाएगी।

अन्य समाचार