सामना संवाददाता / मुंबई
विरार में एक चौंकाने वाली घटना हुई है। एक सनकी आशिक ने प्रेमिका और उसकी मां की बड़ी बेरहमी से हत्या कर दी। बुधवार दोपहर आरोपी आशिक धारदार हथियार लेकर प्रेमिका के घर में घुसा और पहले प्रेमिका की मां के गले और पेट पर कई वार किए। खून से लथपथ मां जमीन पर गिर पड़ी तो उसने दूसरा हमला अपनी प्रेमिका पर कर दिया। चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर प्रेमिका को भी लहूलुहान कर दिया। कुछ ही देर में मां-बेटी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बाद में उक्त शख्स ने अपने ऊपर भी हथियार से हमला किया और खुदकुशी करने की कोशिश की। इस खूनखराबे की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह दिल दहला देने वाली घटना विरार-पश्चिम के न्यू वीवा कॉलेज इलाके में पूनम आकांक्षा बिल्डिंग की है। आरोपी शिवम, नैंसी नाम की लड़की के साथ पिछले दो साल से लव रिलेशनशिप में था। आरोपी इस रिश्ते को शादी में तब्दील करना चाहता था। इसी मकसद से मंगलवार रात वह अपने रिश्तेदारों के साथ नैंसी के घर गया था। लेकिन नैंसी की मां ने शादी वâा विरोध किया और नैंसी ने भी शादी करने से साफ मना कर दिया। इससे गुस्से में आकर आरोपी बुधवार दोपहर करीब १२:३० बजे धारदार हथियार लेकर नैंसी के घर में घुस गया और नैंसी व उसकी मां पर कई वार कर उन्हें मार डाला। बताया जा रहा है कि इसके बाद उसने ब्लेड से अपनी गर्दन पर वार कर खुदकुशी की कोशिश की। घर से चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे। जैसे ही उन्होंने तीनों को खून से लथपथ देखा और पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही बोलिंज पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची। इस मामले में डबल मर्डर का केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आगे की जांच कर रही है।
