सामना संवाददाता / मुंबई
भोजपुरी फिल्म “माटी प्रीत जगावेले” का खास प्रिव्यू शो अंधेरी पश्चिम स्थित इम्पा थिएटर में आयोजित किया गया, जहां फिल्म की पूरी टीम और वितरकों ने एक साथ इसे देखा। इस खास मौके पर मौजूद दर्शकों ने फिल्म को जबरदस्त सराहना दी और इसकी कहानी, भावनात्मक गहराई और प्रस्तुति की खुलकर तारीफ की।
जय श्रीकृष्णा कम्बाइन के बैनर तले बनी इस फिल्म के निर्माता विरेंद्र सिंह और सुरेंद्र सिंह हैं। पोस्ट-प्रोडक्शन पूरा होने के बाद यह पहला प्रिव्यू था, जिसे मुंबई के डिजीफोक स्टूडियो में अंतिम रूप दिया गया है। प्रिव्यू के बाद जिस तरह के सकारात्मक रिएक्शन सामने आए हैं, उसने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
फिल्म में हरीश हराया, अन्नू सिंह, भोला कश्यप, उमाशंकर, परदेशी, अनीता भगत, दिनेश मिश्र, परी तोमर, साधना सिंह, महक राज, चांदनी शर्मा, भूपेंद्र मिश्र, राजकुमार गुप्ता, आलोक राय, गोपाल मल्लाह और सतीश साजन जैसे अनुभवी और प्रतिभाशाली कलाकार नजर आएंगे, जो कहानी को जीवंत बनाते हैं।
फिल्म का संगीत गणेश पांडे ने तैयार किया है, जो कहानी के भावों को गहराई देता है। इसकी कहानी नियाज खान ने लिखी है, जबकि छायांकन सतीश यादव का है। मेकअप विनोद निगम ने किया है और नृत्य निर्देशन के साथ-साथ एक्शन सीक्वेंस भी सतीश साजन ने संभाले हैं। फिल्म का निर्देशन प्रेम कुमार सिंह ने किया है। प्रिव्यू शो के बाद मिले शानदार रिस्पॉन्स को देखते हुए यह साफ है कि “माटी प्रीत जगावेले” दर्शकों के दिलों में अपनी खास जगह बनाने की पूरी तैयारी में है।
