मुख्यपृष्ठनए समाचारठेकेदार की लापरवाही से पुलिसकर्मी की मौत ... मानखुर्द में निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर...

ठेकेदार की लापरवाही से पुलिसकर्मी की मौत … मानखुर्द में निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर हादसा

– संतुलन बिगड़ने से भारी पाइलिंग मशीन गिरी
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई में एक निर्माणाधीन फ्लाईओवर के समीप दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में एक पुलिस कर्मी की मौत हो गई। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। यह दुर्घटना मंगलवार रात मानखुर्द इलाके में सायन-पनवेल राजमार्ग के उत्तर दिशा वाले मार्ग पर हुई। पुलिस के अनुसार, सिपाही संतोष गोपाल चव्हाण मोटरसाइकिल से घर जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
पुलिस के अनुसार, फ्लाईओवर के निर्माण कार्य के दौरान नींव की खुदाई के लिए इस्तेमाल की जा रही भारी मशीन अचानक गिर गई और उसने चव्हाण को अपनी चपेट में ले लिया। मानखुर्द पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना उसी स्थान पर हुई, जहां फ्लाईओवर का काम चल रहा था। गंभीर रूप से घायल चव्हाण को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चव्हाण नेहरू नगर पुलिस थाने से जुड़े थे और इस समय चेंबूर (पूर्व) स्थित नियंत्रण कक्ष में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मशीन को संभवत: असमतल जमीन पर रखा गया था, जिससे यह हादसा हुआ। प्रशासन ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मानखुर्द पुलिस ठेकेदार के खिलाफ लापरवाही के आरोप में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया में है।

पहले भी हुए कई हादसे
इससे पहले १५ अप्रैल को बांद्रा-कुर्ला परिसर में मेट्रो निर्माण के दौरान एक चलित क्रेन गिर गई थी, हालांकि उस घटना में कोई घायल नहीं हुआ था। वहीं फरवरी में मुंबई के मुलुंड इलाके में निर्माणाधीन मेट्रो रेल लाइन के एक पुल का हिस्सा कुछ वाहनों पर गिर गया था, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और तीन अन्य घायल हुए थे।

 

अन्य समाचार