हिमांशु राज
जियो स्टूडियोज और मुंबई फिल्म कंपनी की बहुप्रतीक्षित ऐतिहासिक महाकाव्य ‘राजा शिवाजी’ अब सिनेमाघरों में धमाल मचाने को तैयार है। रितेश देशमुख द्वारा निर्देशित, लिखित और निर्मित इस फिल्म की हिंदी और मराठी संस्करणों में एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है, जिससे दर्शकों में उत्साह की लहर है।
चित्रपट सम्राट छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और विरासत पर आधारित यह फिल्म उनके साहस, नेतृत्व और अमर गाथा को भव्य रूप में प्रस्तुत करेगी। रितेश देशमुख फिल्म में मुख्य भूमिका में नजर आएंगे और उन्होंने ही इसका निर्देशन भी किया है। हिंदी और मराठी सिनेमा के दिग्गज कलाकारों का शानदार समूह इसमें दिखाई देगा। संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, विद्या बालन, महेश मांजरेकर, सचिन खेडेकर, बोमन ईरानी, भाग्यश्री, फरदीन खान, जितेंद्र जोशी, अमोल गुप्ते और जेनिलिया देशमुख जैसे सितारे फिल्म को और भव्य बनाएंगे।
जियो स्टूडियोज द्वारा प्रस्तुत और मुंबई फिल्म कंपनी के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्माण ज्योति देशपांडे और जेनिलिया देशमुख ने किया है। छत्रपति शिवाजी महाराज की वीरता और स्वराज्य की स्थापना की यह कहानी दर्शकों को इतिहास के गौरवशाली पन्नों से जोड़ेगी। भव्य सेट, शानदार एक्शन और भावनात्मक गहराई से सजी यह फिल्म पैमाने, आत्मा और प्रस्तुति का अनोखा संगम लेकर आ रही है।
1 मई 2026 को विश्वभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली ‘राजा शिवाजी’ मराठी और हिंदी दोनों भाषाओं में प्रदर्शित होगी। एडवांस बुकिंग शुरू होते ही टिकटों के लिए भीड़ उमड़ने लगी है। मराठा गौरव और भारतीय इतिहास के प्रेमियों के लिए यह फिल्म एक अविस्मरणीय अनुभव साबित हो सकती है।
