द्रुप्ति झा / मुंबई
कल गुरुवार की सुबह शिवड़ी इलाके में एक बेस्ट बस में जोरदार लात-घूंसे चले। यह मारपीट एक कंडक्टर और यात्री के बीच हुई। दोनों के बीच हुई मारपीट से अन्य यात्रियों में डर पैâल गया और वहां अफरातफरी मच गई। हमले में कंडक्टर का चेहरा बुरी तरह जख्मी हो गया और खून बहने लगा। आखिरकार अन्य यात्रियों ने बीचबचाव कर दोनों को अलग किया। पुलिस ने यात्री के खिलाफ मारपीट करने का मामला दर्ज किया है।
कल सुबह रूट क्रमांक ७ की यह बस ११.३० बजे मझगांव से कुर्ला के लिए रवाना हुई थी। बस जब शिवड़ी फाटक के पास पहुंची, तभी कंडक्टर और यात्री के बीच बहस और मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में घायल कंडक्टर संतोष जंबले ने बताया कि यात्री ने शिवड़ी तक का ही टिकट लिया था, पर उसने शिवड़ी से आगे भी अपनी यात्रा जारी रखी। इस बारे में यात्री से पूछने पर अपनी गलती स्वीकार करने के बजाय उसने सीधे गाली गलौज शुरू किया और बाद में हाथापाई पर उतर आया। अन्य यात्रियों ने बताया दोनों के झगड़े के चलते डेढ़ घंटे तक बस खड़ी रही, जिससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
शिवड़ी पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रोहित खोते ने कहा कि हमने उस यात्री पर कार्रवाई करते हुए उसको नोटिस दिया और माफी मंगवाया, ताकि वो दुबारा इस तरह की गलती न करे।
