– आइसिस का है कट्टर समर्थक
– गाजा के बच्चों की हत्याओं से था दुखी
सामना संवाददाता / मुंबई
मीरा रोड में ‘लोन वुल्फ अटैक’ मामले की जांच में सनसनीखेज खुलासे हो रहे हैं। आरोपी जुबैर अंसारी ने पुलिस को बताया है कि वह मुंबई में बड़ा दामाका करना चाहता था और इसके लिए उसने कई इलाकों की रेकी भी की थी। आरोपी के बताने के बाद पुलिस को मीरा रोड के मॉल में वह दुकान भी मिली, जहां से उसने क्राइम के लिए इस्तेमाल किया गया लगभग नौ इंच का चाकू खरीदा था।
काली पेंसिल से लिखा आइसिस
मामले की जांच में एक और महत्वपूर्ण जानकारी पुलिस को मिली है। घटना के बाद लोकल पुलिस जब सबसे पहले आरोपी के घर गई तो उसने देखा कि जुबैर ने काली पेंसिल से आइसिस को मैसेज लिखकर ऐसी जगह रखा था, ताकि उसे आसानी से देखा जा सके। क्राइम करने के बाद घर लौटकर आरोपी ने काला कुर्ता भी पहन लिया था।
जिंदा लौटने की उम्मीद नहीं थी
पूछताछ में उसने पुलिस को यह भी बताया कि हमला करने के बाद उसे जिंदा घर लौटने की उम्मीद नहीं थी और उसे लगा कि दूसरों पर हमला करने के बाद पुलिस उसे मार डालेगी। हालांकि, वह बच गया और पैदल घर चला गया। उसका असल मकसद लोगों के मन में डर पैदा करना था।
घर मिलने में मुश्किल
शुरुआती पूछताछ में जुबैर ने बताया कि वह अकेला रहता था और उसे लगता था कि आम तौर पर लोग उसके साथ अच्छा व्यवहार नहीं कर रहे हैं और उसे किराए पर घर मिलने में भी मुश्किल हो रही है।
‘लोन वुल्फ अटैक’ का आरोपी
करना चाहता
था खुदकुशी!
पूछताछ में कर रहा है तरह-तरह के दावे
मीरा रोड में लोन वुल्फ अटैक का आरोपी जुबैर अंसारी तरह-तरह के दावे कर रहा है। पुलिस उससे कड़ाई से पूछताछ कर रही है। अब उसने बताया कि वह खुदकुशी चाहता था और उसने खुद को मारने की योजना भी बनाई थी।
उसने यह भी बताया कि कुछ महीने पहले उसका पत्नी से तलाक हुआ था। पिछले छह महीनों से ज्यादा नहीं कमा रहा था और उसके पिता उसे खर्च के लिए पैसे भेज रहे थे। उसने बताया कि वह आइसिस के सपोर्ट वाली वेबसाइट और यूट्यूब चैनल देखता था।
कुर्ला में हुआ था पैदा
जांच अधिकारियों के मुताबिक, जुबैर कुर्ला में पैदा हुआ और वहीं पला-बढ़ा। जब वह पांच साल का था तो अपने परिवार के साथ अमेरिका चला गया और वहीं अपनी पढ़ाई की। जब उसे वहां नौकरी नहीं मिली तो वह भारत लौट आया और कुर्ला में रहने लगा। उसके बाद मीरा रोड में एक किराए के घर में रहने लगा। सूत्रों ने बताया कि अंसारी शांत स्वभाव और शक्की मिजाज का शख्स है।
दोस्त की बहन से शादी
आरोपी ने अपने दोस्त की बहन से ऑनलाइन शादी भी की जो अमेरिका में रहने वाली एक अफगानी है और एक पूर्व यूएस मिलिट्री अधिकारी की बेटी है। वह भारत आई थी, लेकिन दोनों के बीच अच्छी नहीं बनी, जिसके बाद वह यूएस चली गई और उनका तलाक हो गया। वह तभी से अकेला रह रहा था। इस दौरान वह कट्टर विचार धारा का हो गया।
वकील की दलील
आरोपी के वकील वहाब खान ने कोर्ट में दलील दी है कि यह सारा मामला ‘प्लांटेड’ था क्योंकि उसे कस्टडी में लेने के बाद भी उसका घर खुला छोड़ दिया गया था और सील नहीं किया गया था।
