– बड़ी चूक पर यूनियन ने जताया निषेध
– जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग तेज
सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र दिवस जैसे गौरवपूर्ण अवसर पर हाफकिन बायो-फार्मास्युटिकल में हुई गंभीर लापरवाही ने राष्ट्र गौरव पर सीधा आघात किया है। ध्वजारोहण समारोह के दौरान तिरंगे को उल्टा फहराए जाने की घटना ने कर्मचारियों में तीखा आक्रोश पैदा कर दिया है। हाफकिन कर्मचारी यूनियन ने इस पूरे मामले का कड़ा और सार्वजनिक रूप से निषेध करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है, जिससे भविष्य में ऐसी शर्मनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस शर्मनाक घटना ने पूरे तंत्र की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कल आयोजित ध्वजारोहण समारोह कार्यक्रम में राष्ट्रध्वज को उल्टा फहराया जाना न केवल घोर लापरवाही का उदाहरण है, बल्कि इसे सीधे तौर पर राष्ट्रध्वज का अपमान भी माना जा रहा है। यह ध्वजारोहण हाफकिन महामंडल के प्रबंध निदेशक के हाथों किया गया, लेकिन इस महत्वपूर्ण क्षण में इतनी बड़ी चूक होना प्रशासनिक संवेदनहीनता को उजागर करता है।
तत्काल हो सख्त कार्रवाई
इस घटना के सामने आते ही हाफकिन कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष गोविंद मोहिते ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कड़ा और सार्वजनिक निषेध दर्ज कराया है। उन्होंने इसे अत्यंत गंभीर मामला बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है।
लापरवाही स्वीकार्य नहीं
यूनियन का कहना है कि राष्ट्रध्वज देश की अस्मिता, स्वाभिमान और बलिदान का प्रतीक है। उसके साथ इस प्रकार की लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकती। यह केवल एक गलती नहीं, बल्कि राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति उदासीनता का प्रतीक है। कर्मचारियों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश व्याप्त है और वे दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के साथ-साथ भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।
