सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र ही नहीं, पूरे देश के चौक-चौराहों पर ‘राजा शिवाजी’ फिल्म दिखाई जानी चाहिए। स्कूल के बच्चों को भी यह फिल्म दिखाई जाए, यह मेरी आग्रहपूर्ण मांग है। मन में यह भी इच्छा है कि यह फिल्म लाल किले पर दिखाई जाए। दिल्ली को पता चलना चाहिए कि महाराष्ट्र की मिट्टी क्या है, यह लाल किले से दिखाई देना चाहिए। फिल्म देखने के बाद यह अपील शिवसेना नेता एवं युवासेनाप्रमुख आदित्य ठाकरे ने की। बता दें हिंदवी स्वराज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के पराक्रम और शौर्य की गाथा प्रस्तुत करने वाली ऐतिहासिक फिल्म ‘राजा शिवाजी’ को महाराष्ट्र सहित देश-विदेश के दर्शकों का जबरदस्त प्रतिसाद मिल रहा है। परिवार सहित लोग इस फिल्म को देखने सिनेमाघरों में उमड़ रहे हैं और जगह-जगह हाउसफुल के बोर्ड दिखाई दे रहे हैं। ‘जय भवानी, जय शिवाजी’, ‘छत्रपति शिवाजी महाराज की जय’ जैसे नारों से थिएटर गूंज उठ रहे हैं। जियो स्टूडियोज और मुंबई फिल्म कंपनी निर्मित ‘राजा शिवाजी’ फिल्म महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर मराठी के साथ हिंदी में भी प्रदर्शित हुई है। इसमें रितेश देशमुख ने छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका निभाई है और निर्देशन की जिम्मेदारी भी स्वयं संभाली है। रितेश के साथ जेनेलिया देशमुख, सलमान खान, संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, महेश मांजरेकर, सचिन खेडेकर, बोमन ईरानी, जितेंद्र जोशी, फरदीन खान, विद्या बालन और भाग्यश्री जैसे दमदार कलाकारों की टोली फिल्म में शामिल है।
