मुख्यपृष्ठनए समाचारमहिला सिपाही के प्रेम प्रसंग में दो ड्राइवरों के बीच खूनी संघर्ष,...

महिला सिपाही के प्रेम प्रसंग में दो ड्राइवरों के बीच खूनी संघर्ष, आरोपी गिरफ्तार

अनिल मिश्र/पटना

बिहार के गया जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुलिस विभाग से जुड़े दो ड्राइवरों के बीच प्रेम प्रसंग को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। इस घटना में एक सरकारी चालक को गोली मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका इलाज मगध मेडिकल अस्पताल में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला एक महिला सिपाही से जुड़े प्रेम प्रसंग का है। बताया जाता है कि संबंधित महिला सिपाही पहले परैया थाने में तैनात थी, जहां उसका निजी चालक गौतम कुमार निवासी पुनाकला गांव, परैया प्रखंड के साथ कथित संबंध था।

हाल ही में महिला सिपाही का तबादला गया शहर के कोतवाली थाने में लिपिक पद पर हुआ। यहां उसकी नजदीकियां कोतवाली थाने के सिपाही चालक नीरज के साथ बढ़ने लगीं। इसी बीच शुक्रवार देर रात नीरज महिला सिपाही के किराये के मकान पर पहुंचा था।

इस बात की जानकारी मिलने पर परैया थाने का निजी चालक गौतम कुमार गुस्से में शनिवार सुबह महिला सिपाही के कमरे पर पहुंच गया और उसने नीरज पर गोली चला दी। गोली लगने से नीरज गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और सिविल लाइंस थाने की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी गौतम कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

नगर डीएसपी सरोज कुमार शाह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होता है। घायल चालक नीरज के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

डीएसपी ने बताया कि महिला सिपाही से भी पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।

घटना के बाद इलाके और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। घायल चालक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और वे गया पहुंच चुके हैं।

सिटी एसपी कोटा किरण कुमार ने भी घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है और मामले की गहन जांच जारी है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अन्य समाचार