अनिल मिश्र/पटना
बिहार के गया-पटना रेलखंड के बेला और नेयामतपुर स्टेशन के बीच बेलागंज थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता जहानाबाद जिले की निवासी है और गया अपने रिश्तेदार के यहां जा रही थी। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह जहानाबाद स्टेशन से ट्रेन में सवार हुई, कुछ लोगों ने साजिश के तहत चेन पुलिंग कर दी। इसके चलते युवती को बेला और नेयामतपुर स्टेशन के बीच उतरना पड़ा।
आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसे पकड़ लिया और खेत की ओर ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही बेलागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। साथ ही फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं।
पुलिस ने अब तक दस संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि अपराधियों ने पूर्व नियोजित तरीके से चेन पुलिंग कर युवती को ट्रेन से उतरवाया और वारदात को अंजाम दिया।
बेलागंज थाना प्रभारी मनोज कुमार पांडे ने बताया कि मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द सुनिश्चित की जाएगी और इस घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस ने पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और अन्य संभावित आरोपियों की पहचान के लिए छानबीन जारी है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि प्रशासन ने लोगों को आश्वस्त किया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
