मुख्यपृष्ठनए समाचारदिल्ली के विवेक विहार में एसी ब्लास्ट की वजह से 9 लोगों...

दिल्ली के विवेक विहार में एसी ब्लास्ट की वजह से 9 लोगों की मौत

योगेश कुमार सोनी (पूर्वी दिल्ली)

दिल्ली के विवेक विहार इलाके में एक चार मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से नौ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना तड़के सुबह करीब 3 बजकर 45 मिनट पर हुई, जब घर में लगे एसी में कथित तौर पर ब्लास्ट हुआ और आग तेजी से पूरी इमारत में फैल गई।

हादसे के बाद मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पाने के लिए बचाव अभियान शुरू किया। फायर कंट्रोल रूम को सुबह करीब 3 बजकर 47 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल विभाग की 14 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।

दमकल विभाग के अनुसार, आग बी-13 बिल्डिंग के दूसरे फ्लोर पर लगी थी और धीरे-धीरे पूरी इमारत में फैल गई। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 6 बजकर 25 मिनट पर आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक बड़ा नुकसान हो चुका था।

मृतकों में 60 वर्षीय अरविंद जैन, उनकी पत्नी अनीता जैन (58), बेटा निशांत जैन (35), बहू आंचल जैन (33) और डेढ़ साल का मासूम आकाश जैन शामिल हैं। इस एक हादसे ने एक साथ तीन पीढ़ियों को खत्म कर दिया। दादा-दादी, माता-पिता और नन्हा बच्चा—कोई भी नहीं बच सका।

इमारत की पहली मंजिल पर रहने वाली 45 वर्षीय शिखा जैन भी इस हादसे की शिकार हो गईं। आग और धुएं के बीच वह बाहर नहीं निकल पाईं और मौके पर ही दम तोड़ दिया।

वहीं तीसरी मंजिल पर रहने वाले एक अन्य परिवार की भी आग में जान चली गई। यहां 50 वर्षीय नितिन जैन, उनकी पत्नी शैलेय जैन (48) और 25 वर्षीय बेटा सम्यक जैन की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह परिवार भी आग लगने के समय घर के अंदर ही था और बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।

इस दर्दनाक घटना से पूरी दिल्ली में सनसनी फैल गई है। बिल्डिंग के बाहर मृतकों के परिजन और परिचितों का रो-रोकर बुरा हाल है।

अन्य समाचार