मुख्यपृष्ठसमाचारगंगा की लहरों में समाई दो जिंदगियां: एक का शव मिला, दूसरे...

गंगा की लहरों में समाई दो जिंदगियां: एक का शव मिला, दूसरे की तलाश जारी

राजेश सरकार

प्रयागराज। संगम नगरी के शिवकुटी क्षेत्र में गंगा की लहरों के बीच हुए दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों के सपनों को चकनाचूर कर दिया। लखीमपुर खीरी के नीमगांव थाना क्षेत्र के सरैया गांव निवासी 19 वर्षीय प्रतियोगी छात्र अधीर रंजन सिंह चौहान की नहाते समय डूबने से मौत हो गई, जबकि उसके मित्र हिमांशु पांडेय की तलाश अभी भी जारी है।

अधीर अपने दोस्तों के साथ गंगा स्नान के लिए गया था, लेकिन पलभर की असावधानी उसकी जिंदगी पर भारी पड़ गई। वह प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और अपने परिवार के सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा था।

शनिवार रात भर चली खोजबीन के बाद जल पुलिस और गोताखोरों की टीम ने रविवार सुबह अधीर का शव बरामद किया। मौके पर मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे में उसका एक और साथी हिमांशु पांडेय अब भी लापता है, जिसकी तलाश लगातार जारी है।

जानकारी के अनुसार, हिमांशु पांडेय नवाबगंज के कस्तूरीपुर अटरामपुर गांव का निवासी है और शिवकुटी में किराए के कमरे में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। दोनों युवक शनिवार शाम अपने अन्य दोस्तों के साथ कोटेश्वर महादेव मंदिर के पास गंगा स्नान के लिए पहुंचे थे। स्नान के दौरान अचानक अधीर और हिमांशु गहरे पानी में चले गए और तेज धारा में बहने लगे।

यह हादसा एक गंभीर चेतावनी भी देता है कि आस्था के साथ सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। गंगा में स्नान करते समय गहराई, तेज धारा और सुरक्षा उपायों की अनदेखी जानलेवा साबित हो सकती है।

फिलहाल प्रशासन और बचाव दल लापता युवक की तलाश में जुटे हुए हैं, जबकि पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।

अन्य समाचार