उमेश गुप्ता/वाराणसी
काशी विश्वनाथ मंदिर में लागू की गई ऐप आधारित नई दर्शन व्यवस्था को लेकर रविवार को सियासी माहौल गरमा गया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस व्यवस्था के विरोध में प्रदर्शन किया, जिसे लेकर शहर में तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिली।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पहले अपने महानगर कार्यालय पर बैठक कर विरोध की रणनीति बनाई और मंदिर तक पदयात्रा निकालने की तैयारी की। हालांकि पदयात्रा से पहले पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोका, जिससे नोकझोंक हुई। कांग्रेस ने व्यवस्था को तत्काल बंद करने और अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग उठाई। मामला बढ़ने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, इस शांतिपूर्ण कार्यक्रम से घबराए प्रशासन ने कल देर रात से ही दमनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी। कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, युवा नेताओं पूर्व जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा, महानगर अध्यक्ष युवा कांग्रेस चंचल शर्मा तथा सक्रिय कार्यकर्ताओं को उनके घरों पर ही नजरबंद कर दिया गया। अनेक कार्यकर्ताओं को घर से बाहर निकलने से रोका गया, जबकि कई स्थानों पर पुलिस बल तैनात कर कांग्रेसजनों की गतिविधियों पर निगरानी रखी गई।
इसके बावजूद बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक मैदागिन स्थित महानगर कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर एकत्रित कार्यकर्ताओं ने बाबा विश्वनाथ के जयकारों, लोकतंत्र बचाओ, आस्था पर हमला बंद करो तथा काशीवासियों के अधिकार बहाल करो जैसे नारों के साथ अपना विरोध दर्ज कराया।
महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में जैसे ही कांग्रेसजन पदयात्रा के लिए कार्यालय से बाहर निकले और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर की ओर बढ़ने लगे, पहले से तैनात भारी पुलिस बल ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। प्रशासन ने कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी। इस दौरान कुछ समय तक तीखी नोकझोंक भी हुई, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण ढंग से अपना विरोध जारी रखा।
उक्त अवसर पर राघवेन्द्र चौबे,सतनाम सिंह,प्रवीन प्रकाश ,सैय्यद हसन,रमजान अली,वकील अंसारी,सुनील श्रीवास्तव,अशलम खां,संतोष चौरसिया,राजेन्द्र गुप्ता,अनुराधा यादव,पूनम विश्वशर्मा, हसन मेहदी कब्बन,प्रमोद वर्मा,अखिलेश पाण्डेय,मनोज वर्मा,खालिद सिद्दीकी,आशिष केशरी,मोनाजिर मंजू ,आकाश त्रिपाठी, शमसाद खां,गोपाल चौबे,पुलक,वंदना जायसवाल,, इमरान,समेत कई पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं उपस्थित रहे ।
