हिमांशु राज
एस.एस. राजामौली की आगामी मेगा फिल्म ‘वाराणसी’ भारतीय सिनेमा की सबसे बहुप्रतीक्षित परियोजनाओं में शामिल है। महेश बाबू (रुद्र), प्रियंका चोपड़ा जोनस (मंदाकिनी) और पृथ्वीराज सुकुमारन (कुंभा) जैसे सितारों से सजी इस फिल्म का पहला ग्लिम्प्स यूरोप के आइकॉनिक ले ग्रां रेक्स स्क्रीन पर आयोजित ट्रेलर फेस्टिवल में दिखाया गया, जहां इसे जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। दर्शकों ने पहली ही फ्रेम से तालियों, चीयर और सीटियों के साथ फिल्म का स्वागत किया।
अब इस फिल्म ने कॉमिक कॉन एक्सपीरियंस मेक्सिको 2026 में भी धूम मचा दी, जहां प्रोड्यूसर एस.एस. कार्तिकेय ने वाराणसी के घाटों को असल रूप में दोबारा बनाने की प्रक्रिया का खुलासा किया। उन्होंने बताया, “फिल्म की कहानी की शुरुआत, मध्य और अंत वाराणसी में ही है। भारत की आध्यात्मिक राजधानी और दुनिया के सबसे प्राचीन जीवित शहर के घाटों पर राजामौली के भव्य सीक्वेंस फिल्माए जाने थे, जो काफी चुनौतीपूर्ण था। इसके लिए हमारी प्रोडक्शन टीम को वाराणसी भेजा गया, जहां हर डिटेल, माप और फोटो रेफरेंस जुटाए गए। इसके बाद ईंट-ईंट जोड़कर घाटों का निर्माण किया गया, ताकि निर्देशक का विजन सटीक रूप में सामने आ सके।”
फिल्म के कलाकारों के लुक्स पहले ही सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं। महेश बाबू का दमदार रुद्र अवतार, पृथ्वीराज का इंटेंस कुंभा रूप और प्रियंका का भव्य मंदाकिनी किरदार दर्शकों को खासा आकर्षित कर रहा है। 7 अप्रैल 2027 को रिलीज होने वाली इस भव्य फिल्म का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है।
