राजेश सरकार
प्रयागराज। श्रमिक दिवस अब केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि बदलती सामाजिक सोच का प्रतीक बनता नजर आ रहा है। नामचीन स्कूलों में इसकी शुरुआत इस परिवर्तन की बयार को दर्शाती है, जिसकी प्रेरणा हाल ही में नोएडा में हुए श्रमिक आंदोलनों से जुड़ी मानी जा रही है। इसी कड़ी में दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) प्रयागराज में अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सोनू सिंह ने की। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया और अपने संबोधन में श्रमिकों के योगदान को सराहते हुए उनके सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर श्रमिकों को सम्मानित करते हुए उन्हें साइकिलें भेंट की गईं, जिसने कार्यक्रम को खास बना दिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नृत्य, गीत और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए सभी का मन मोह लिया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रमिकों के परिश्रम और उनके महत्व को प्रभावी ढंग से उजागर किया गया। विद्यालय परिवार ने इस आयोजन के जरिए समाज में श्रमिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए सभी से उनके अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
