मुख्यपृष्ठनए समाचारकानपुर में अनोखा मामला पहुंचा पुलिस स्टेशन ... भाजपा नेता ने ससुराल...

कानपुर में अनोखा मामला पहुंचा पुलिस स्टेशन … भाजपा नेता ने ससुराल के गेट पर खाया जहर!

पत्नी को विदा न करने से था नाराज
बेटे ने मां को मौत का ठहराया जिम्मेदार
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
दिल्ली के नरेला से भाजपा मंडल अध्यक्ष और बैंक फील्ड मैनेजर विनोद मिश्रा ने गत १ मई को कानपुर में अपने ससुराल के गेट पर जहर खाकर खुदकुशी कर ली। इलाज के दौरान अस्पताल में उनकी मौत हो गई। मरने से पहले विनोद ने एक ऑडियो वायरल किया था, जिसमें उन्होंने पत्नी, सास और ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया। विनोद का कहना था कि ससुराल पक्ष उनकी पत्नी को विदा नहीं कर रहा था, जिससे तंग आकर वह जान दे रहे हैं। अब उनके बेटे कार्तिक ने बर्रा थाने में शिकायत दर्ज कराकर अपनी मां और ननिहाल वालों को पिता की मौत का जिम्मेदार ठहराया है।
विनोद मिश्रा ने जहर खाने से पहले ६-७ मिनट का एक ऑडियो रिकॉर्ड किया था। इस ऑडियो में उन्होंने रोते हुए कहा कि वह मरना नहीं चाहते, लेकिन पत्नी और ससुराल वालों ने उन्हें इस कदर मजबूर कर दिया है कि आत्महत्या के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार भी लगाई थी। जहर खाने के बाद उनके दोस्त मनीष ने उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। रविवार को विनोद का बेटा कार्तिक अपने चाचा के साथ थाने पहुंचा। कार्तिक का आरोप है कि उसकी मां अक्सर दिल्ली से घर के पैसे और जेवर लेकर कानपुर भाग आती थी। २ अप्रैल को भी वह ऐसा ही करके दो बच्चों के साथ मायके आ गई थी। पिता उन्हें लेने कानपुर आए थे, लेकिन मां ने साथ जाने से इनकार कर दिया और ससुराल वालों ने उन्हें बेइज्जत किया। कार्तिक के मुताबिक, इसी अपमान के कारण उसके पिता ने जान दे दी। हैरानी की बात यह रही कि विनोद की मौत के बाद २ तारीख को कन्नौज में उनका अंतिम संस्कार किया गया, लेकिन उनकी पत्नी और ससुराल पक्ष का कोई भी सदस्य वहां नहीं पहुंचा। विनोद के भाई राजेश मिश्रा का दावा है कि उनके भाई ने ससुराल के अंदर ही जहर खाया है क्योंकि उन्हें वहां बहुत ज्यादा प्रताड़ित किया जा रहा था। परिवार ने अब पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में डीसीपी डीएन चौधरी ने बताया कि सुसाइड की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मृतक का वायरल ऑडियो भी पुलिस के संज्ञान में आया है।

अन्य समाचार