हिमांशु राज
बॉलीवुड में रिलेशनशिप ड्रामा का नया रंग लाने वाली ‘पति पत्नी और वो दो’ का ट्रेलर लॉन्च होते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मुदस्सर अजीज के निर्देशन में बनी यह फिल्म हल्के-फुल्के हास्य, रिश्तों की उलझनों व जीवंत किरदारों से सजी है। मुख्य कलाकार आयुष्मान खुराना, सारा अली खान, वामिका गाब्बी व रकुल प्रीत सिंह हैं। 2019 की हिट ‘पति पत्नी और वो’ की तर्ज पर बनी यह सीक्वल जैसी फिल्म दर्शकों को हंसी व भावनाओं का डबल डोज देगी। रकुल प्रीत के लिए यह प्रोजेक्ट खास है, क्योंकि वे आयुष्मान खुराना व निर्देशक मुदस्सर अजीज के साथ दोबारा जुड़ रही हैं। हालिया इंटरव्यू में राकुल ने इस सहजता पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा, “इस बार दोबारा साथ काम करने में खास आसानी महसूस हुई, क्योंकि पहली बार नहीं था। आप अभिनेता व निर्देशक की फिल्म व सीन की अप्रोच पहले से जानते हैं। यह कम्फर्ट सेट पर अच्छा माहौल बनाता है। परिचय आपकी सोच बदल देता है—काम सरल, मजेदार हो जाता है। सबके साथ पहले से दोस्ती है, इसलिए दोस्तों के साथ काम करना आसान होता है।” आयुष्मान की कॉमिक टाइमिंग, सारा की चुलबुली छवि, वामिका व रकुल की फ्रेश केमिस्ट्री फिल्म को और रोचक बनाएगी। प्रोडक्शन हाउस गुलशन कुमार, बी.आर. चोपड़ा व टी-सीरीज ने इसे भव्य बनाया है। निर्माता भूषण कुमार, रेणु रवि चोपड़ा, कृष्ण कुमार व क्रिएटिव प्रोड्यूसर जूनो चोपड़ा हैं। टी-सीरीज फिल्म्स व बी.आर. स्टूडियोज का प्रोडक्शन है। फिल्मकारों का मानना है कि आज के दौर में रिलेशनशिप्स पर आधारित ऐसी कहानियां दर्शकों को गहराई से छूती हैं। बढ़ते बज्ज के बीच ‘पति पत्नी और वो दो’ 15 मई 2026 को बड़े पर्दे पर धमाल मचाने को तैयार है।
