अमिताभ श्रीवास्तव
आलोचनाओं से घिरी टीम के एक विश्व सरताज गेंदबाज पर जब सुनील गावस्कर गुस्सा हुए तो समझ में आया कि आखिर क्या वजह है। वजह था मुंबई इंडियंस का आईपीएल में निराशाजनक प्रदर्शन। भले ही वो अपना पिछला मैच लखनऊ से जीत गई हो। पर मुंबई इंडियंस के अनुभवी गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की बॉलिंग की पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने जमकर आलोचना की है। उन्होंने इस स्टार गेंदबाज के नो बॉल पर अपनी प्रतिक्रिया दी। बुमराह आईपीएल २०२६ में अब तक कुछ खास नहीं कर पाए हैं। उनको विकेट लेने में काफी संघर्ष करना पड़ा है। यही वजह है कि मुंबई इंडियंस को इस सीजन में लगातार मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बुमराह की लय भी गड़बड़ रही है और उन्होंने इस सीजन में अब तक आठ नो-बॉल फेंकी हैं, जिनमें से तीन लखनऊ के खिलाफ। लखनऊ की पारी के १४वें ओवर में बुमराह ने हिम्मत सिंह को वैâच आउट कराया लेकिन वह ओवरस्टेप कर गए और बैटर को जीवनदान मिल गया। इसके बाद हिम्मत ने ४० रन बनाए और लखनऊ का स्कोर २२० के पार पहुंचा दिया। गावस्कर ने बुमराह की आलोचना करते हुए कहा कि टी२० क्रिकेट में नो-बॉल फेंकना बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है और खिलाड़ियों को ज्यादा प्रोफेशनलिज्म दिखानी चाहिए। गावस्कर ने कमेंट्री के दौरान कहा, ‘मुझे फिर मत बताइए। मुझे मत बताइए कि बुमराह ने नो-बॉल फेंकी है। यह स्वीकार्य नहीं है। आप एक प्रोफेशनल क्रिकेटर हैं, यह स्वीकार्य नहीं है। वाइड बॉल समझ में आती है, लेकिन नो-बॉल नहीं। ’
हार्दिक को बैक स्पैज्म
मुंबई इंडियंस ने लखनऊ को हराया मगर कप्तान हार्दिक पंड्या मैच में नहीं थे। उनकी जगह थे सूर्यकुमार यादव। हार्दिक को क्या हुआ है , कोई नहीं जानता और न ही मैच से पहले तक किसी को पता था कि वो मैदान पर नहीं उतरेंगे। आखिर हुआ क्या है, हार्दिक को? मैच में कप्तान हार्दिक पंड्या की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय रही। मैच के बाद ओपनर रियान रीकेलटन ने हार्दिक की फिटनेस को लेकर अहम अपडेट दिया। पोस्ट मैच प्रेस कॉन्प्रâेंस में रिकेल्टन ने बताया कि उन्हें भी मैच के दिन ही हार्दिक की स्थिति के बारे में पता चला। उन्होंने कहा, ‘मुझे नहीं पता कि वह कब तक वापसी करेंगे। मुझे दोपहर ही पता चला कि उन्हें बैक स्पैज्म है। इसकी गंभीरता कितनी है, यह भी साफ नहीं है।’ उन्होंने आगे उम्मीद जताई कि हार्दिक जल्द ही टीम के साथ जुड़ सकते हैं, खासकर रायपुर में होने वाले अगले मुकाबलों से पहले। क्या होता है, यह बैक स्पैज्म? दरअसल, यह मांसपेशियों की अचानक होने वाली ऐंठन है, जो पीठ में तेज दर्द, जकड़न और हलचल में बाधा पैदा करती है। यह दर्द कुछ सेकंड से लेकर कई मिनटों या घंटों तक रह सकता है, और कभी-कभी बार-बार लौट भी सकता है। हार्दिक की फिटनेस को लेकर अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है।
(लेखक वरिष्ठ खेल पत्रकार व टिप्पणीकार हैं।)
