मुख्यपृष्ठसमाचारबेलगाम रफ्तार का कहर: डीजे वाहन से भिड़ी बाइक, दो की मौत

बेलगाम रफ्तार का कहर: डीजे वाहन से भिड़ी बाइक, दो की मौत

राजेश सरकार
प्रयागराज। जनपद में बेलगाम रफ्तार और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी लगातार जानलेवा साबित हो रही है। लाख चेतावनियों और अभियानों के बावजूद सड़कों पर तेज रफ्तार, ओवरटेक की होड़ और लापरवाही का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। नतीजतन आए दिन हादसों में लोगों की जान जा रही है, जबकि ट्रैफिक दबाव वाले इलाकों में प्रभावी पुलिस व्यवस्था भी नदारद दिखती है।

कमिश्नरेट प्रयागराज के यमुनानगर स्थित करछना थाना क्षेत्र में हुआ एक दर्दनाक हादसा बेलगाम रफ्तार और कमजोर ट्रैफिक नियंत्रण का ज्वलंत उदाहरण बनकर सामने आया है। क्षेत्र के आर्गन अस्पताल के समीप मंगलवार देर रात करीब 2 बजे भीरपुर रिपोर्टिंग चौकी क्षेत्र (नच्चू ढाबा के पास) तेज रफ्तार बाइक एक डीजे वाहन से जा टकराई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बाइक यामाहा आर-15 थी।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर उनकी पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को भी कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है।

शहर और आसपास के इलाकों में जिस तरह चार पहिया वाहन भीड़भाड़ वाले बाजारों और चौराहों पर तेज रफ्तार से दौड़ रहे हैं, बारात और जुलूसों के बीच बेकाबू तरीके से चल रहे हैं, वह सीधे तौर पर ट्रैफिक नियमों की अनदेखी को दर्शाता है। बड़ा सवाल यह है कि आखिर कब तक रफ्तार यूं ही जिंदगियों पर भारी पड़ती रहेगी?

अन्य समाचार