मुख्यपृष्ठसमाचारजल निगम ऑपरेटर की कार्यशैली से ग्रामीणों में नाराजगी

जल निगम ऑपरेटर की कार्यशैली से ग्रामीणों में नाराजगी

राजेश सरकार

प्रयागराज। गंगानगर जोन के हंडिया तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान कटहरा पेयजल योजना के पंप नंबर-2 से जुड़ा मामला तूल पकड़ता नजर आया। ग्राम कटहरा, थाना उतरांव निवासी महिला रागिनी चौरासिया ने संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत पत्र देकर ऑपरेटर के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए उसे तत्काल हटाने की मांग की है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संबंधित ऑपरेटर न केवल उपभोक्ताओं के साथ बदतमीजी और गाली गलौज करता है, बल्कि उसकी कार्यशैली से पूरे क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था चरमराई हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि ऑपरेटर की लापरवाही के कारण मोटर बार बार जल जाती है, जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान हो रहा है और लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है।

प्रार्थिनी ने यह भी आरोप लगाया कि ऑपरेटर के संरक्षण में कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत है, जिसके कारण लगातार शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही। इतना ही नहीं, मामले को 1076 हेल्पलाइन पर भी उठाया गया, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ है।

ग्रामीणों के बीच यह भी चर्चा है कि इस तरह की लापरवाही और अभद्र व्यवहार से सरकार की योजनाओं की छवि धूमिल हो रही है, मानो जानबूझकर व्यवस्था को बदनाम करने की कोशिश की जा रही हो।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने संज्ञान लेते हुए जल निगम के एई को निर्देश दिए हैं कि एक सप्ताह के भीतर जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। अब देखना होगा कि जांच के बाद जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है और ग्रामीणों को राहत मिलती है या नहीं।

अन्य समाचार