-पटियाला, अमृतसर, जालंधर में धमाके
-रेलवे ट्रैक और बीएसएफ मुख्यालय टारगेट
सामना संवाददाता / चंडीगढ़
१० दिनों में तीन धमाकों के साथ पंजाब में एक बार फिर खालिस्तानी आतंक की वापसी दिखने लगी है। इन धमाकों में से दो एक ही दिन हुए और राज्य के एक अन्य शहर में धमाके की एक कोशिश भी हुई। २७ अप्रैल को पटियाला शहर में एक रेल ट्रैक पर धमाका करने की कोशिश के दौरान एक संदिग्ध आतंकी की मौत हो गई थी। इस धमाके के सिलसिले में पुलिस ने चार सदस्यों को गिरफ्तार किया था, जिन पर पाकिस्तान से जुड़े एक आतंकी समूह का हिस्सा होने का आरोप है।
कैंपस की दीवारें हिलीं
अब मंगलवार रात को तीन घंटे के अंतराल में हुए दो धमाके से पंजाब दहल उठा। जालंधर व अमृतसर में बीएसएफ मुख्यालय के बाहर जोरदार धमाके हुए। जालंधर में मंगलवार रात करीब ८:१५ बजे मुख्यालय के बाहर एक स्कूटी में धमाका हुआ, जिससे कैंपस की दीवारें तक हिल गर्इं। धमाके की आवाज करीब डेढ़ किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।
बॉर्डर के पास धमाका
अमृतसर में भारत-पाकिस्तान सीमा के नजदीक खासा क्षेत्र में भी बीएसएफ हेडक्वार्टर के बाहर मंगलवार की रात १०.५० पर जोरदार धमाका हुआ। एसएसपी सोहेल मीर कासिम ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि बाइक पर सवार दो नकाबपोशों ने विस्फोटक को हवा में उछालते हुए बीएसएफ हेडक्वार्टर की तरफ फेंका।
पाकिस्तान जिंदा कर रहा है ‘खालिस्तानी मूवमेंट’!
पाकिस्तान एक बार फिर पंजाब में खालिस्तान मूवमेंट को जिंदा करने में जुट गया है। पंजाब में एक के बाद एक बम धमाके इस बात का प्रमाण हैं। ऐसा शक खुफिया एजेंसियों ने जाहिर किया है। अमृतसर में भारत-पाकिस्तान सीमा के नजदीक खासा क्षेत्र में भी बीएसएफ हेडक्वार्टर के बाहर मंगलवार की रात १०.५० पर जोरदार धमाका हुआ। एसएसपी सोहेल मीर कासिम ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि बाइक पर सवार दो नकाबपोशों ने विस्फोटक को हवा में उछालते हुए बीएसएफ हेडक्वार्टर की तरफ फेंका। दीवार के साथ लगते ही जोरदार धमाका हुआ।
जालंधर में जिस स्कूटी में धमाका हुआ, वह गढ़ा इलाके में रहने वाले गुरप्रीत सिंह की है। वह फ्लिपकार्ट में काम करता है। मंगलवार को वह बीएसएफ मुख्यालय के अंदर पार्सल देने आया था, लेकिन हेलमेट न होने के कारण उसे अंदर नहीं जाने दिया गया। इस पर बीएसएफ मुख्यालय से करीब ५० फीट दूर स्कूटी खड़ी कर अंदर चला गया। इसी दौरान स्कूटी में तेज धमाका हुआ। प्रत्यक्षदर्शी विजय ने बताया कि वह लुधियाना से आ रहा था। बीएसएफ चौक पर पहुंचे तो अचानक धमाका हो गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि कई बाइक सवार गिर गए। कई गाड़ियों के एयरबैग खुल गए। बावा सिंह ने बताया कि धमाके से कई वाहनों के शीशे टूटे, लोग इधर-उधर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, सुरक्षा एजेंसियां और बीएसएफ के जवान मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को तुरंत सील कर दिया। डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता और फॉरेंसिक टीम ने मलबे और आसपास के साक्ष्यों की जांच की। पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने बताया कि स्कूटी में आग लगने के बाद ही विस्फोट हुआ है। अभी यही जानकारी मिली है। हर एंगल से जांच की जा रही है, लेकिन किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
सेवानिवृत्त मुलाजिम का बेटा
गुरप्रीत बीएसएफ से सेवानिवृत्त मुलाजिम कश्मीरा सिंह का बेटा है। स्कूटी भी कश्मीरा सिंह के नाम थी। धमाके के समय पास ही मौजूद सब्जी मंडी में उस समय काफी भीड़ थी। धमाके की तेज आवाज सुनते ही लोग अपनी जान बचाने के लिए भागे।
ग्रेनेड का संदेह
धमाके से चहारदीवारी पर सेना क्षेत्र को कवर करने के लिए लगाई गई टीन शेड ढह गर्इं। गेट नंबर ६ और ७ के बीच की दीवार को भी थोड़ा नुकसान हुआ है। धमाके की आवाज सुनते ही सैन्य और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। संदेह है कि ग्रेनेड से हमला किया गया है। आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन भी शुरू कर दिया गया है। पंजाब में पिछले १८ महीनों में करीब १६ थानों पर भी ग्रेनेड हमले हो चुके हैं।
