-३०० वर्गफुट के निर्माण-मरम्मत पर `६५ लाख खर्च
अमर झा / भायंदर
मीरा-भायंदर मनपा भ्रष्टाचार के लिए बदनाम है। टेंडर घोटाला, सीवरेज लाइन घोटाला, सड़क निर्माण, गटर निर्माण घोटाला, सरकारी भवन निर्माण घोटाला आदि की लंबी लाइन है। अब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र निर्माण का घोटाला सामने आया है, जिसमें एक छोटे से निर्माण पर मनपा ने अब तक ६५ लाख रुपए खर्च किए हैं। मामले की जानकारी भाजपा नगरसेवक मुन्ना सिंह ने आरटीआई से निकाली है।
मामला भायंदर (पूर्व) के केबिन रोड पर बने ‘मंगल पांडे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र’ का है, जो अब ‘हिंदूहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे आपले दवाखाना’ के नाम से चल रहा है। ३०० वर्गफुट के स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण २०१३ में किया गया था। उस समय इसके निर्माण में ८.४० लाख रुपए एवं फर्नीचर, बिजली, प्लंबिंग में ३.४० लाख का खर्च किया गया था। स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण कार्य की गुणवत्ता इतनी घटिया थी कि स्वास्थ्य केंद्र निर्माण के पांच वर्ष बाद ही इसके मरम्मत कार्य के लिए २०१८ में १३.१९ लाख का काम एक ठेकेदार को दिया गया। यहां भी निर्माण कार्य घटिया स्तर का हुआ और फिर इसी स्वास्थ्य केंद्र को पांच वर्ष बाद २०२४ में फिर से मरम्मत के लिए ४३.५९ लाख का ठेका दूसरे को दिया गया। इस तरह इस केंद्र के निर्माण पर अब तक २१,६६६ रुपए प्रति वर्गफुट की लागत आई है।
१३ साल में ३ बार बना केंद्र
इस मामले में नगरसेवक मुन्ना सिंह का कहना है कि ३०० वर्गफुट के स्वास्थ्य केंद्र को १३ वर्ष के अंतराल में तीन बार बनाया गया। आरटीआई से जानकारी लेने पर मनपा के संबंधित विभाग ने वर्तमान एवं पूर्व में निर्माण के मांगे गए फोटो को इतना काला करके दिया है कि कुछ दिखता ही नहीं है। इस मामले में स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र का फिर से मरम्मत व नवीनीकरण हुआ ही नहीं है। मनपा अधिकारी एवं ठेकेदार मिलकर सरकारी फाइल में निर्माण दिखाकर मनपा राजस्व को चूना लगा रहे हैं। मनपा के शहर अभियंता दीपक खांबित का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण मनपा नियम के अनुसार हुआ है और इसमें कोई गड़बड़ी नहीं की गई है।
