-विधानसभा चुनाव जीतने के बाद राज्यसभा से दिया इस्तीफा
सामना संवाददाता / मुंबई
बारामती की जीत के बाद सुनेत्रा पवार ने राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा देकर महाराष्ट्र की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। सुनेत्रा पवार अब कुछ भाजपा नेताओं से मुलाकात करनेवाली हैं और इसे लेकर सियासी तापमान गर्म है।
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि दिल्ली दौरे के दौरान सुनेत्रा पवार भाजपा के कुछ वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात कर सकती हैं। माना जा रहा है कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष नितीन नबीन से मुलाकात कर सकती हैं। हालांकि, इन बैठकों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि सुनेत्रा पवार की अगली राजनीतिक चाल महाराष्ट्र की सत्ता और गठबंधन की राजनीति को किस दिशा में ले जाएगी। बता दें कि बारामती विधानसभा उपचुनाव में उनकी जीत के बाद उनके लिए राज्यसभा सदस्यता छोड़ना आवश्यक हो गया था। इसी के तहत उन्होंने कल उपराष्ट्रपति व राज्यसभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंपा। नियमों के अनुसार, कोई भी व्यक्ति एक साथ दो सदनों का सदस्य नहीं रह सकता इसलिए बारामती विधानसभा उपचुनाव में जीत के बाद उनके राज्यसभा से इस्तीफा देने की उम्मीद पहले से ही जताई जा रही थी। सुनेत्रा पवार के दिल्ली दौरे पर राज्य के सभी राजनीतिक दलों की नजरें टिकी हुई हैं। उनके इस्तीफे से राज्यसभा की रिक्त सीट को लेकर भी राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
साथ ही विधानसभा में उनकी सक्रिय भूमिका का असर राज्य की सत्ता समीकरणों पर भी पड़ सकता है। अब इस दौरे के बाद उनकी अगली राजनीतिक रणनीति क्या होगी, इसको लेकर उत्सुकता बनी हुई है।
