सोम प्रकाश
हॉरर कॉमेडी फिल्म वीवन 2026 की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक बनकर उभरी है। सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया के बिल्कुल नए अवतारों के साथ यह फिल्म लगातार दर्शकों को रोमांचित कर रही है। हर नए खुलासे के साथ मेकर्स ने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
अब यह उत्साह और बढ़ने वाला है, क्योंकि सिद्धार्थ मल्होत्रा, तमन्ना भाटिया, एकता आर कपूर और अरुणभ कुमार मुंबई कॉमिक कॉन में वीवन की ग्रैंड अनवीलिंग के लिए तैयार हैं। फिल्म के यूनिवर्स को और बड़ा करते हुए टीम ‘द लीजेंड ऑफ वीवन’ कॉमिक लॉन्च करेगी। कार्यक्रम के आयोजकों ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा करते हुए प्रशंसकों को इस खास पल का गवाह बनने के लिए आमंत्रित किया है।
पोस्ट के कैप्शन में लिखा गया, “एक नई दुनिया की शुरुआत। सिद्धार्थ मल्होत्रा, तमन्ना भाटिया, एकता आर कपूर और अरुणभ कुमार को लाइव देखें, क्योंकि वे मुंबई कॉमिक कॉन में इंडसवर्स के साथ वीवन का अनावरण करेंगे और ‘द लीजेंड ऑफ वीवन’ कॉमिक लॉन्च करेंगे।”
वीवन को बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड ने टीवीएफ मोशन पिक्चर्स के सहयोग से निर्मित किया है। फिल्म का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा और अरुणभ कुमार ने किया है, जबकि इसकी कहानी अरुणभ कुमार ने लिखी है। इसमें मनीष पॉल, सुनील ग्रोवर, श्वेता तिवारी और अनुप सोनी भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 28 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में बड़े पैमाने पर रिलीज होने के लिए तैयार है।
