हिमांशु राज
जियो स्टूडियोज और मुंबई फिल्म कंपनी की भव्य फिल्म ‘राजा शिवाजी’ 1 मई 2026 को महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर रिलीज हुई और तुरंत बॉक्स ऑफिस पर छा गई। पहले ही हफ्ते में 150 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर यह भारतीय सिनेमा की चौथी सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्म बन चुकी है। मराठी सिनेमा को नई पहचान दिलाने वाली यह फिल्म परिवारों को सिनेमाघरों तक खींच लाई है। इसी उत्साह के बीच मेकर्स ने फिल्म का सबसे भावुक गीत ‘फूल पारिजात’ वीडियो ट्रैक के साथ रिलीज किया।
श्रेया घोषाल की जादुई आवाज में सजा यह गाना छत्रपति शिवाजी महाराज के एक नए रूप से रूबरू कराता है। वे यहां केवल वीर योद्धा ही नहीं, बल्कि सईबाई के लिए समझदार और प्रेम करने वाले जीवनसाथी के रूप में नजर आते हैं। सईबाई की नजरों से दिखाया गया उनका रिश्ता मासूमियत, अपनापन, गहरा प्रेम, विश्वास और आत्मिक समर्पण से भरा हुआ है। अजय-अतुल का संगीत पारिजात फूल को एक अनमोल प्रतीक के रूप में प्रस्तुत करता है, जैसे शिवाजी सईबाई के जीवन में एक दिव्य उपहार हों। गाने की सादगी और भावनाओं की गहराई दर्शकों के दिलों को सीधे छू रही है।
ज्योति देशपांडे और जिनिलिया देशमुख द्वारा निर्मित यह ऐतिहासिक महाकाव्य मराठी और हिंदी दोनों भाषाओं में दुनियाभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित हो रहा है। वार्नर म्यूजिक इंडिया और देश म्यूजिक से जारी इसका संगीत हिंदवी स्वराज्य की भावना को और अधिक प्रभावशाली बना रहा है। ‘फूल पारिजात’ अब सभी प्रमुख स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।
