मुख्यपृष्ठनए समाचारमुख्यमंत्री के जिले में माफियाराज बेलगाम ...अफसर को जेसीबी से घसीटता रहा...

मुख्यमंत्री के जिले में माफियाराज बेलगाम …अफसर को जेसीबी से घसीटता रहा माफिया! …अवैध उत्खनन रोकने गई टीम पर हमला

 

सामना संवाददाता / मुंबई
मुख्यमंत्री के गृह जिले नागपुर में माफियाराज इस कदर बेलगाम हो चुका है कि अब सरकारी अफसरों की जान भी सुरक्षित नहीं रही। अवैध मुरुम उत्खनन पर कार्रवाई करने पहुंचे नायब तहसीलदार को माफियाओं ने चलती जेसीबी से लटकाकर करीब चार किलोमीटर तक घसीटा। मौत के साए में जिंदगी बचाने की जंग लड़ते अधिकारी मदद के लिए चीखते रहे, लेकिन माफियाओं का आतंक बेखौफ दौड़ता रहा। सरकारी कार्रवाई को कुचलने की इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे महाराष्ट्र को झकझोर कर रख दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ५ मई की रात करीब साढ़े ११ बजे कुही तहसील के बोरी नाईक इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन की सूचना राजस्व विभाग को मिली थी। इसके बाद नायब तहसीलदार बुद्धभूषण निकालजे अपनी टीम के साथ कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंचे। राजस्व विभाग की टीम ने जेसीबी और अन्य मशीनों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कानून का डर न दिखाते हुए जेसीबी चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार में भगा दिया। इसी दौरान निकालजे ने जेसीबी रोकने की कोशिश की तो उन्हें वाहन के साथ घसीटते हुए ले जाया गया। इस पूरी घटना से इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आरोपियों ने नायब तहसीलदार को चलती जेसीबी से लटकाकर गंभीर रूप से घायल करने की कोशिश की। लगभग चार किलोमीटर तक यह खौफनाक घटनाक्रम चलता रहा। इसी बीच जब पुलिस की गाड़ियां मौके की ओर आती दिखाई दीं, तो जेसीबी चालक घबरा गया और वाहन छोड़कर फरार हो गया। सरकारी अधिकारी की जान जोखिम में डालने वाली इस घटना से राजस्व विभाग के अधिकारियों में भी भारी नाराजगी है। घटना के बाद अवैध उत्खनन करने वालों के बढ़ते हौसलों पर फिर सवाल उठने लगे हैं।
आरोपी हुआ गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही कुही पुलिस थाने की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। नायब तहसीलदार बुद्धभूषण निकालजे की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जेसीबी चालक मयूर थोटे को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, सरकारी अधिकारी की जान खतरे में डालने और हमला करने जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस को शक है कि इस वारदात में कुछ और लोग भी शामिल थे और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और गिरफ्तार आरोपी से सख्ती से पूछताछ की जा रही है।

अन्य समाचार