मुख्यपृष्ठखबरेंफडणवीस बने पुणे शहर के नए शिल्पकार .... तेजी से बढ़ा रेप,...

फडणवीस बने पुणे शहर के नए शिल्पकार …. तेजी से बढ़ा रेप, हत्या और गैंगवॉर!

३ महीने में लैंगिक शोषण के मामले ७०० पार
सामना संवाददाता / मुंबई
पुणे शहर में बढ़ते अपराध, महिलाओं पर अत्याचार, कोयता गैंग के आतंक और ड्रग्स कारोबार को लेकर महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिन्हें नए पुणे का शिल्पकार बताया जा रहा है, क्या शहर में बढ़ती बलात्कार, हत्या, फिरौती और गुंडागर्दी के भी वही शिल्पकार हैं?
सपकाल ने कहा कि सीएम देवेंद्र फडणवीस नए पुणे के शिल्पकार हैं, ऐसे पोस्टर जगह-जगह लगाए गए हैं, लेकिन हकीकत यह है कि शहर में महिलाओं के खिलाफ अपराध तेजी से बढ़े हैं। उन्होंने दावा किया कि जनवरी से मार्च २०२६ के बीच लैंगिक शोषण के ७०० मामले सामने आए और शहर में रोज एक बलात्कार की घटना हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुणे में ड्रग्स का कारोबार खुलेआम चल रहा है, कोयता गैंग का आतंक बढ़ गया है और गुलटेकड़ी मार्वेâट यार्ड में गुंडों की दखल बढ़ती जा रही है। सपकाल ने कहा कि आम नागरिक भय के माहौल में जी रहे हैं, जबकि सरकार सिर्फ प्रचार और पोस्टरबाजी में व्यस्त है। यह बयान पुणे के संविधान चौक, वानवडी में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम के दौरान दिया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस के कई नेता व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद थे। कार्यक्रम की शुरुआत पुणे के नसरापुर में पीड़ित चार वर्षीय बच्ची और महिला अत्याचार की अन्य पीड़ितों को श्रद्धांजलि देकर की गई।
केंद्र सरकार अंतर्राष्ट्रीय दबाव में
एपस्टीन फाइल्स में नाम आने के बाद केंद्र सरकार अंतर्राष्ट्रीय दबाव में काम कर रही है। हालांकि, इन दावों के समर्थन में उन्होंने कोई आधिकारिक दस्तावेज या प्रमाण सार्वजनिक नहीं किया। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर भी हमला बोलते हुए कहा कि आजादी के कई वर्षों तक संघ कार्यालयों पर तिरंगा नहीं फहराया गया। सपकाल ने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई संविधान और तिरंगे के सम्मान के लिए है। इसके अलावा, उन्होंने पुणे की ३४ हजार करोड़ रुपए की भूमिगत सड़क परियोजना पर भी सवाल उठाए।

 

 

 

 

 

अन्य समाचार