एफएसएल ने की रैट पॉइजन ‘जिंक फॉस्फाइड’ की पुष्टि
हत्या और साजिश दोनों एंगल पर पुलिस की जांच तेज
सामना संवाददाता / मुंबई
पायधुनी में एक ही परिवार के चार लोगों की रहस्यमयी मौत का रहस्य खुल गया है। अब इस सनसनीखेज मामले में एफएसएल की रिपोर्ट ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। विसरा जांच में रैट पॉइजन ‘जिंक फॉस्फाइड’ मिला है। संभावना जताई गई है कि इसे तरबूज के जरिए दिया गया है, जिसे खाने के कुछ घंटों बाद पति-पत्नी और उनकी दो बेटियों की मौत हो गई थी। फिलहाल, मुंबई पुलिस सुनियोजित हत्या, सामूहिक आत्महत्या और बड़ी साजिश इन तीनों एंगलों से जांच कर रही है।
बता दें कि २६ अप्रैल को डोकाडिया परिवार की मौत तरबूज खाने के बाद हुई था। इससे पहले परिवार ने उसी रात रिश्तेदारों के लिए डिनर पार्टी रखी थी। इस वाकये के ११ दिनों बाद मामले में एफएसएल की रिपोर्ट के अनुसार जिंक फॉस्फाइड की पुष्टि हुई हैै। यह रिपोर्ट गुरुवार को मुंबई पुलिस को सौंपी गई। एफएसएल अधिकारियों ने बताया कि जिंक फॉस्फाइड बेहद जहरीला पदार्थ है और इसी वजह से परिवार की मौत हुई।
तरबूज में जहर मिलाया?
एक अधिकारी ने कहा कि आमतौर पर जिंक फॉस्फाइड पाउडर के रूप में होता है। संभावना है कि किसी ने तरबूज काटकर उसमें यह पाउडर छिड़का हो, जिसके बाद उसे खाया गया। हालांकि, असल में क्या हुआ यह पुलिस जांच में स्पष्ट होगा। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि रिपोर्ट मिलने के बाद अब यह जांच की जाएगी कि तरबूज में जहर किसने मिलाया!
