मुंबई। महानगर की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था समरस फाउंडेशन द्वारा आज बोरीवली पूर्व स्थित कार्यालय में जौनपुर के युवा समाजसेवी हरिवंश रामजी उपाध्याय का सम्मान किया गया। संस्था के चेयरमैन डॉ. किशोर सिंह ने शॉल और स्मृति चिन्ह से उनका सम्मान किया।
इस अवसर पर संस्था के महासचिव वरिष्ठ पत्रकार शिवपूजन पांडे, उपाध्यक्ष मुकुंद शर्मा, भोला वर्मा, रामलिंगम तथा मुकेश साहनी उपस्थित रहे।
जौनपुर के बदलापुर तहसील अंतर्गत स्थित महदा, बहरीपुर गांव निवासी श्री उपाध्याय का मुंबई में अपना व्यवसाय है। वे हर वर्ष जाड़े में गांव में रहने वाले हजारों जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित करते हैं। यही नहीं, धार्मिक कार्यक्रमों में भी पूरा सहयोग करते हैं।
डॉ. किशोर सिंह ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। हरिवंश उपाध्याय ने समरस फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की प्रशंसा करते हुए दिए गए सम्मान के लिए संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया।
