मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिविश्व रेडक्रॉस दिवस: पर्यावरण पार्क में सेहत के फिक्रमंदों का जमघट, लगा...

विश्व रेडक्रॉस दिवस: पर्यावरण पार्क में सेहत के फिक्रमंदों का जमघट, लगा चिकित्सा शिविर

सामना संवाददाता / सुल्तानपुर

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में शुक्रवार को विश्व रेडक्रॉस दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पर्यावरण पार्क में इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा निःशुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। मानव सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और समाज कल्याण की भावना से प्रेरित इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।

कार्यक्रम संयोजक और रेडक्रॉस सोसाइटी के उपाध्यक्ष डॉ. राजीव श्रीवास्तव ने शिविर में आए मरीजों को चिकित्सीय परामर्श देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस सदैव मानवता की सेवा के लिए समर्पित संस्था रही है और समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना इसका मुख्य उद्देश्य है।

सोसाइटी की जनपद इकाई के अध्यक्ष डॉ. डी. एस. मिश्र ने डॉ. राजीव श्रीवास्तव को रेडक्रॉस प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि डॉ. श्रीवास्तव द्वारा रेडक्रॉस सोसाइटी में निरंतर महत्वपूर्ण योगदान दिया जा रहा है, जो संस्था के लिए प्रेरणादायक है।

कार्यक्रम में इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी, सुल्तानपुर के सचिव जय प्रकाश शुक्ल, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संजय खत्री, डॉ. चंद्रभान सिंह, महिला विंग सचिव दीपिका सिंह सहित कई गणमान्य सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से नवीन शुक्ल, त्रिभुवन नाथ तिवारी, शिवकुमार, सूर्यांश श्रीवास्तव, मोहित शर्मा, विजेंद्र त्रिपाठी, मनोज कुमार और अवधेश मिश्र ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

इस दौरान चेयरमैन डॉ. डी. एस. मिश्रा और उपाध्यक्ष डॉ. राजीव श्रीवास्तव द्वारा सक्रिय रूप से कार्य करने वाले स्वयंसेवकों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया गया। शिविर में करीब 200 लोगों का ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर परीक्षण किया गया। साथ ही चिकित्सकों ने स्वास्थ्य संबंधी परामर्श, रोगों से बचाव के उपाय और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

अन्य समाचार