सामना संवाददाता / भायंदर
भायंदर पूर्व। सेंट फ्रांसिस हाई स्कूल ने महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की एसएससी परीक्षा 2026 में शत-प्रतिशत परिणाम हासिल कर एक उल्लेखनीय उपलब्धि अपने नाम कर ली है। विद्यालय के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से पूरे परिसर में उत्साह और गर्व का माहौल है।
इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन श्री ए.एफ. पिंटो और मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. ग्रेस पिंटो को शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों की ओर से हार्दिक बधाई दी गई। विद्यालय प्रबंधन की ओर से कहा गया कि यह सफलता उनके दूरदर्शी नेतृत्व, निरंतर मार्गदर्शन और शिक्षा के प्रति समर्पण का परिणाम है, जिसने संस्थान को निरंतर उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ाया है।
इस वर्ष की परीक्षा में विद्यालय की छात्रा कुमारी भाविनी मल्लिक ने 99.80% अंक प्राप्त कर न केवल विद्यालय का नाम रोशन किया, बल्कि उत्कृष्ट प्रदर्शन का उदाहरण भी प्रस्तुत किया। उनके इस शानदार परिणाम ने अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का कार्य किया है।
गौरतलब है कि यह उपलब्धि विद्यालय के स्वर्ण जयंती वर्ष यानी 50वें गौरवशाली वर्ष के दौरान प्राप्त हुई है, जिससे इसकी महत्ता और अधिक बढ़ गई है। विद्यालय परिवार ने इसे ईश्वर की विशेष कृपा और सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया है।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार, यह सफलता प्रबंधन की सुदृढ़ नीतियों, शिक्षकों की निष्ठा एवं समर्पण तथा विद्यार्थियों की अथक मेहनत का प्रतिफल है। शिक्षकों ने पूरे वर्ष विद्यार्थियों को निरंतर मार्गदर्शन प्रदान किया, जिसका सकारात्मक असर परीक्षा परिणामों में स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है। प्रबंधन ने भविष्य में भी इसी प्रकार की उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा को बनाए रखने और विद्यार्थियों को और बेहतर अवसर प्रदान करने का संकल्प दोहराया है।
