सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई की लाइफलाइन लोकल ट्रेनों में रात के अंधेरे का फायदा उठाकर बिना टिकट सफर करने वाले यात्रियों पर अब पश्चिम रेलवे ने शिकंजा कसने का पैâसला किया है। बढ़ती फुकटिया प्रवृत्ति पर लगाम लगाने के लिए रेलवे प्रशासन ने अब आखिरी लोकल ट्रेन तक टिकट जांच अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इसके तहत रात ९ बजे से सुबह ६ बजे तक चर्चगेट से विरार के बीच विशेष ‘बैटमैन’ पथक लोकल ट्रेनों के डिब्बों में तैनात रहेंगे।
पश्चिम रेलवे द्वारा अप्रैल महीने में ३ लाख ६० हजार से अधिक बिना टिकट यात्रियों पर की गई रिकॉर्ड कार्रवाई के बाद यह सख्त कदम उठाया गया है। अब तक रात ९ बजे तक ही टिकट जांच होती थी, जिसका कई यात्री खुलेआम फायदा उठा रहे थे। खासकर एसी लोकल ट्रेनों में भी बिना टिकट यात्रा करने वालों की संख्या बढ़ने से रेलवे प्रशासन की चिंता बढ़ गई थी।
इसी पृष्ठभूमि में ‘बैटमैन’ यानी (बी अवेयर टीटीई मैनिंग एट नाइट) पथकों को रातभर चेकिंग के लिए तैनात किया जाएगा। रेलवे का उद्देश्य रात के समय बिना टिकट यात्रा पर पूरी तरह लगाम लगाना है।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक ने कहा कि अप्रैल में हुई रिकॉर्ड कार्रवाई के बाद रात में भी टिकट जांच जरूरी हो गई थी। कई यात्री एसी लोकल में भी बेखौफ बिना टिकट यात्रा कर रहे हैं। इसे समय रहते रोकने के लिए रेलवे प्रशासन अब सख्त कदम उठा रहा है।
