लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को गुरुग्राम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए तीखा हमला बोला। पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह की ‘सद्भावना यात्रा’ के समापन समारोह में पहुंचे राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि भाजपा ने देश में ‘चुनाव चोरी’ करने का एक पूरा सिस्टम बना लिया है, लेकिन अब उनका समय खत्म होने वाला है।
‘कांग्रेस के बब्बर शेरों याद रखो, हम ही जीतेंगे’
गुरुग्राम की खांडसा मंडी से शुरू हुई इस यात्रा के बाद एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं को ‘बब्बर शेर’ कहकर संबोधित किया। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस के बब्बर शेरों याद रखो, नरेंद्र मोदी और भाजपा को सिर्फ कांग्रेस पार्टी ही हराएगी। बाकी पार्टियां शायद उनके सामने मजबूती से न खड़ी हो पाएं, लेकिन कांग्रेस डटी रहेगी। भाजपा ने लोकतंत्र और संविधान पर आक्रमण किया है, और हम इसका करारा जवाब देंगे।’
