कृति सेनन ने २०१४ में तेलुगू फिल्म ‘वन: नेनोक्कडाइन’ से अभिनय की शुरुआत की। उसी वर्ष उन्होंने टाइगर श्रॉफ के साथ फिल्म ‘हीरोपंती’ से बॉलीवुड में कदम रखा। इसके बाद उन्होंने लगातार सफलता हासिल की और आज वे एक सफल अभिनेत्री, निर्माता और उद्यमी के रूप में जानी जाती हैं। हाल ही में कृति ने फिल्म उद्योग में लैंगिक असमानता पर खुलकर बात की। उन्होंने बताया ‘पैसे को लेकर कुछ दिक्कतें रही हैं। जब निर्माताओं को खर्च कम करना होता है, तो वे अक्सर लीड एक्ट्रेस की फीस कम कर देते हैं जबकि बजट का एक बड़ा हिस्सा एक्टर को जाता है।’ उनके अनुसार, उद्योग में अब भी पितृसत्तात्मक सोच मौजूद है, जिसे बदलना जरूरी है। कृति ने यह भी बताया कि शूटिंग सेट पर अक्सर यह देखा जाता है कि अभिनेत्री पहले तैयार हुई या नहीं, ताकि अभिनेता को इंतजार न करना पड़े। उन्होंने इसे एक सामान्य, लेकिन गलत आदत बताया और समानता की दिशा में बदलाव की आवश्यकता पर जोर दिया।
