मुख्यपृष्ठसमाचारप्रताप जयंती पर ‘कुशनगरी में उत्सव’..निकली शोभायात्रा, वीर वधुओं का सम्मान, जुटे...

प्रताप जयंती पर ‘कुशनगरी में उत्सव’..निकली शोभायात्रा, वीर वधुओं का सम्मान, जुटे दिग्गज

सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
चित्तौड़ नरेश महान स्वाभिमानी देशभक्त राणा प्रताप की 486वीं जयंती पर कुशनगरी सुल्तानपुर में उत्सव जैसा माहौल रहा। शनिवार को प्रातः प्रताप प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ नगर एनसीसी कैडेटों ने भव्य परेड व शोभायात्रा निकाली। इसके बाद वीर वधुओं का सम्मान व संगोष्ठी में दिग्गजों का जमावड़ा हुआ, जिसमें राणा के अदम्य, साहसी और स्वाभिमानी व्यक्तित्व की मौजूदा दौर में प्रासंगिकता पर गंभीर चर्चा हुई।

क्षत्रिय समिति की ओर से क्षत्रिय भवन में आयोजित मुख्य समारोह में राज्यसभा सदस्य संजय सिंह व उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष प्रशांत सिंह अटल खास तौर पर मौजूद थे। समिति अध्यक्ष संजय सिंह के संयोजन में संगोष्ठी के दौरान सांसद संजय सिंह ने कहा कि राणा का व्यक्तित्व हमें यही सिखाता है कि जीवन में परिस्थितियां चाहे जैसी हों, झुकें नहीं और संघर्ष करें। मुख्य वक्ता उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष अटल ने कहा कि राणा प्रताप कभी पराजित नहीं हुए। इतिहासकारों ने उनके बारे में चाहे जो आकलन किया हो, देश की जनता ने हमेशा उन्हें वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक स्वीकार किया है।

इससे पूर्व जनपद निवासी शहीद सैनिकों की माताओं, विधवाओं व परिवार जनों को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह व धनराशि देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने राणा प्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय के स्थापना दिवस पर महाविद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘प्रताप प्रतिमा’ का लोकार्पण किया। साथ ही जिलास्तरीय प्रताप पेंटिंग प्रतियोगिता में स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र, स्मृति चिन्ह व मेडल देकर सम्मानित किया गया।

दिन भर चलने वाले समारोह की शुरुआत सुबह आठ बजे क्षत्रिय भवन परिसर स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद एनसीसी, रोवर्स, रेंजर्स व एनएसएस सहित अन्य विद्यार्थियों व समाज के अनेक सम्मानित व्यक्तियों ने घोड़ा, बैंड-बाजा के साथ शोभायात्रा निकाली, जो विभिन्न मार्गों से होती हुई क्षत्रिय भवन पहुंची। जनपदवासियों द्वारा स्थान-स्थान पर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।

तीन सत्रों में चले विभिन्न कार्यक्रमों में संगोष्ठी का संचालन प्रोफेसर निशा सिंह ने किया। देर रात चले कवि सम्मेलन स्वागत सत्र का संचालन ज्ञानेन्द्र विक्रम सिंह ‘रवि’ व शोभायात्रा का संचालन एनसीसी टीम ने किया। स्वागत प्राचार्य प्रोफेसर दिनेश कुमार त्रिपाठी ने किया तथा आभार ज्ञापन समिति अध्यक्ष अधिवक्ता संजय सिंह ने किया। सभी अतिथियों को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह व पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर समिति के सचिव रमेश सिंह टिन्नू, महाविद्यालय प्रबंधक अधिवक्ता बालचंद्र सिंह, उपाध्यक्ष शुभ नारायण सिंह समेत अनेक प्रमुख लोग उपस्थित रहे। उधर कादीपुर में मुख्य चौराहे पर राणा प्रताप की प्रतिमा की स्थापना की गई। इस अवसर पर पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह व बाहुबली धनंजय सिंह की मौजूदगी रही।

अन्य समाचार