मुख्यपृष्ठनए समाचारविदेशी कोटे पर डाका!.. रेलवे का हंटर चला, टिकट माफियाओं में मचा...

विदेशी कोटे पर डाका!.. रेलवे का हंटर चला, टिकट माफियाओं में मचा हड़कंप

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई की पटरियों पर इस बार सिर्फ ट्रेनें नहीं दौड़ीं, बल्कि रेलवे की जांच एजेंसियों ने भी ऐसा तूफानी अभियान चलाया कि फर्जी टिकट माफियाओं के पूरे नेटवर्क की नींद उड़ गई। Foreign Tourist Quota यानी विदेशी नागरिकों यात्रियों के लिए आरक्षित विशेष सुविधा को दलालों, एजेंटों और फर्जी दस्तावेज़ों के सहारे लूटने वालों पर मध्य रेलवे ने जबरदस्त प्रहार किया है।
परदेशी कोटे की आड़ में टिकटों की खुली लूट
रेलवे की जांच में खुलासा हुआ कि कई यात्रियों ने खुद को विदेशी या NRI बताकर जाली कागजातों के जरिए आरक्षण कराया। आम भारतीय यात्री वेटिंग और आरएसी में धक्के खाते रहे, जबकि फर्जीवाड़े के सहारे सीटों पर कब्जा जमाया गया। यह सिर्फ नियमों की धज्जियां उड़ाना नहीं, बल्कि आम यात्रियों के हक पर सीधा डाका था।
संगमित्रा एक्सप्रेस से खुला फर्जीवाड़े का पिटारा
संगमित्रा एक्सप्रेस में दस्तावेज़ जांच के दौरान कई संदिग्ध यात्री पकड़े गए। इसके बाद मध्य रेलवे ने विशेष जांच अभियान शुरू किया। ३१ ट्रेनों में १७४ संदिग्ध पीएनआर की पड़ताल हुई, जिसमें ३९ मामलों में घोटाला साबित हुआ। कार्रवाई इतनी कड़ी रही कि १२१ यात्रियों से ₹३.५६ लाख का जुर्माना वसूला गया।
दलालों और एजेंटों की जुगलबंदी पर शिकंजा
इस पूरे खेल में टिकट एजेंटों और दलालों की भूमिका पर भी बड़ा संदेह है। रेलवे और IRCTC अब इस नेटवर्क की गहराई से जांच कर रहे हैं। अगर यह जाल और फैला मिला, तो कई और चेहरों से नकाब उतरना तय माना जा रहा है।
आम यात्रियों का हक मारने वालों को चेतावनी
रेलवे प्रशासन ने साफ कहा है कि फर्जी जानकारी देकर टिकट बुक करना गंभीर अपराध है। अब ऐसे टिकट घोटालेबाजों पर सिर्फ जुर्माना नहीं, बल्कि सख्त कानूनी कार्रवाई भी होगी।
जब आम आदमी महीनों पहले टिकट लेकर भी वेटिंग में सड़ता है, तब ये फर्जी विदेशी बनकर टिकट हथियाने वाले कौन हैं? किसके संरक्षण में यह खेल चल रहा था? और कब तक आम यात्रियों के अधिकारों पर दलालों का कब्जा रहेगा?
रेलवे की यह कार्रवाई सिर्फ शुरुआत है। टिकट माफिया, दलाल और फर्जी आरक्षण गिरोह अब सावधान हो जाएं, रेलवे का डंडा चल पड़ा है, और इस बार निशाना सीधा घोटालेबाजों की जड़ पर है।

अन्य समाचार