मुख्यपृष्ठनए समाचार'इन्फ्लुएंसर' को घर से उठाया, पुलिस पर गरजे समर्थक…एआई अश्लील वीडियो और...

‘इन्फ्लुएंसर’ को घर से उठाया, पुलिस पर गरजे समर्थक…एआई अश्लील वीडियो और ब्लैकमेलिंग केस में कार्रवाई से मचा बवाल

राजेश सरकार / प्रयागराज

रविवार तड़के उस वक्त माहौल गरमा गया, जब कैंट थाना पुलिस और जनपदीय एसओजी टीम ने शहर के बैराहना इलाके में दबिश देकर चर्चित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर एवं यूट्यूबर सुमित गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। मुँह अंधेरे हुई इस कार्रवाई की भनक लगते ही हजारों समर्थक मौके पर जुट गए और पुलिस कार्रवाई का खुलकर विरोध शुरू कर दिया।गिरफ्तारी के दौरान समर्थकों ने पुलिस फोर्स के बीच पहुंचकर “सुमित तुम संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ हैं”और “जिंदाबाद” के नारे लगाए। मामले को लेकर सहायक पुलिस आयुक्त सिविल लाइंस ने बताया कि एक अधिवक्ता की शिकायत पर थाना कैंट में एफआईआर दर्ज की गई थी। आरोप है कि सुमित गुप्ता ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट calll_me_sumit से अधिवक्ता और उसकी महिला क्लाइंट का एआई तकनीक से तैयार आपत्तिजनक फोटो और पोस्ट वायरल किया था। एफआईआर के मुताबिक वायरल सामग्री हटाने के बदले लाखों रुपये की डिमांड की गई थी। शिकायतकर्ता अधिवक्ता का आरोप है कि रकम न देने पर और भी अश्लील फोटो व वीडियो वायरल करने की धमकी दी जा रही थी। पुलिस के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए कैंट थाना पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक आईफोन भी बरामद किया गया है। आईफोन के जरिए उसने अधिवक्ता और उसकी महिला क्लाइंट की फोटो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पोस्ट की थी। राजापुर निवासी भुक्तभोगी अधिवक्ता ने तहरीर में अवगत कराया है कि कुछ समय पहले तक महिला क्लाइंट का मामला वही देख रहे थे। इधर गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर भी सियासी और सामाजिक बहस छिड़ गई है। सुमित के समर्थकों ने प्रयागराज पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और कार्रवाई को ‘टारगेटेड’ बताते हुए विरोध शुरू कर दिया है। वहीं कैंट थाना परिसर में देर तक समर्थकों की भीड़ जुटी रही, जिससे पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर दिखाई दिया।

अन्य समाचार