मुख्यपृष्ठअपराधचंदौली में अस्पताल में बीपी चेक कराने के बहाने घुसे युवक ने...

चंदौली में अस्पताल में बीपी चेक कराने के बहाने घुसे युवक ने भर्ती महिला को मारी गोली, मौके पर हुई मौत

अस्पताल कर्मियों व ग्रामीणों ने पकड़कर किया पुलिस के हवाले

उमेश गुप्ता / वाराणसी

चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के कमलापुर गांव स्थित जीवक हॉस्पिटल में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक ने अस्पताल में भर्ती महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। लोगों ने भाग रहे युवक को पकड़कर पिटाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी के पास से दो अवैध पिस्टल, धारदार हथियार और कुछ नकदी भी बरामद हुई है। हत्यारोपी ने भी इलाज के लिए पर्ची कटाई थी, जिसमें उसने अपना नाम वीरेंद्र और पता अंबाला दर्ज कराया था।
जानकारी के अनुसार, बिहार निवासी 55 वर्षीय महिला लक्ष्मीना अस्पताल में भर्ती थीं। इसी दौरान एक अज्ञात युवक बीपी चेक कराने के बहाने अस्पताल में दाखिल हुआ और अचानक महिला पर दोनों हाथों से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आरोपी ने अस्पताल के डॉक्टर पर भी फायरिंग की, लेकिन वह बाल-बाल बच गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी भागने लगा, लेकिन अस्पताल कर्मचारियों और आसपास के ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद लोगों ने उसकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त अथवा साइको किलर बताया जा रहा है। वहीं, ट्रेन में हुई कुछ हत्याओं में भी उसके शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

अन्य समाचार