मुख्यपृष्ठनए समाचारचैंबर कब्जे को लेकर वकीलों के पक्ष भिड़े, गोली चलने से दो...

चैंबर कब्जे को लेकर वकीलों के पक्ष भिड़े, गोली चलने से दो घायल!

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

बुलंदशहर कचहरी परिसर में एक चैंबर पर कब्जे को लेकर सोमवार को अधिवक्ताओं के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी के दौरान एक पक्ष ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से कांग्रेस जिलाध्यक्ष के अधिवक्ता पिता और साले घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल से हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना के बाद कचहरी परिसर में अफरातफरी मच गई। पीड़ित पक्ष ने पांच नामजद और 8-10 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन ने पांचों नामजद अधिवक्ताओं की सदस्यता निष्कासित करने का प्रस्ताव पास करते हुए इसकी सूचना बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश को भेजने का निर्णय लिया है।
नगर कोतवाली में वरिष्ठ अधिवक्ता इमामुद्दीन, जो कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान के पिता हैं, ने तहरीर देकर बताया कि वह 30 वर्षों से वकालत कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि चैंबर नंबर 272 उन्हें दिवंगत अधिवक्ता सलीम अख्तर की पत्नी की सहमति के बाद बार एसोसिएशन द्वारा विधिवत आवंटित किया गया था। सोमवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि कुछ लोग उनके चैंबर का ताला तोड़ रहे हैं। आरोप है कि जब वह मौके पर पहुंचे तो वहां पवन निम, सलेख चंद, नीरज धतूरी, हेमेंद्र वर्मा, सलेख चंद का बेटा और उनके करीब 8-10 साथियों ने उनके साथ मारपीट की। विरोध करने पर एक आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर दी। गोली इमामुद्दीन और उनके पुत्र जियाउर्रहमान के साले अधिवक्ता रऊफ खान के पैर में लगी।
इमामुद्दीन ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी दी। हमले के वक्त उनका ड्राइवर नावेद और बेटा जियाउर्रहमान भी मौके पर मौजूद थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। दोनों घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुमन कुमार सिंह राघव और महासचिव अमित चौहान ने बताया कि अधिवक्ता पर जानलेवा हमले की घटना को लेकर बार सभागार में आम सभा हुई। बैठक में पांचों नामजद अधिवक्ताओं की सदस्यता निष्कासित करने का प्रस्ताव पास करते हुए इसकी सूचना बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश को भेजने का निर्णय लिया गया।
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि अधिवक्ताओं के दो पक्षों में चैंबर पर कब्जे को लेकर फायरिंग की घटना हुई। दो अधिवक्ताओं को गोली लगी है, जिन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में चैंबर का ताला तोड़कर कब्जे के प्रयास को लेकर विवाद होना सामने आया है। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अन्य समाचार