एजेंसी / जेरूसलम
इजरायल ने ईरान के खिलाफ हवाई अभियानों को सहारा देने के लिए इराक के रेगिस्तानी इलाके में एक अस्थायी और गुप्त सैन्य ठिकाना बनाया था। दावा है कि यह ठिकाना इजरायली विशेष बलों, रसद सहायता और संभावित पायलट-रेस्क्यू मिशन के लिए इस्तेमाल होना था। मामला तब सामने आने लगा, जब एक स्थानीय चरवाहे ने इलाके में संदिग्ध सैन्य गतिविधि और हेलिकॉप्टरों की आवाजाही देखी। इसके बाद इराकी सुरक्षा बल जांच के लिए पहुंचे, लेकिन कथित तौर पर इजरायली हवाई हमलों ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इस घटना में एक इराकी सैनिक की मौत हो गई।
इस बीच इराकी सुरक्षा मीडिया सेल ने कहा है कि अप्रैल और मई में तलाशी अभियान के दौरान उन्हें ऐसी किसी विदेशी या अनधिकृत सैन्य मौजूदगी का प्रमाण नहीं मिला, जबकि कुछ इराकी राजनीतिक नेताओं ने इसे ‘गंभीर सुरक्षा घोटाला’ बताया। इस दावे में अमेरिका की भूमिका भी विवाद का केंद्र है। वॉल स्ट्रीट जनरल के हवाले से कई रिपोर्टों में कहा गया कि यह ठिकाना अमेरिका की जानकारी में बनाया गया था। हालांकि, इजरायल की सेना ने इस रिपोर्ट पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। जेरूसलम पोस्ट के अनुसार, इराकी मीडिया में इस खुलासे से भारी बहस छिड़ गई है, क्योंकि इराक पहले से ही अमेरिकी प्रभाव, ईरान-समर्थित मिलिशिया और क्षेत्रीय तनावों के बीच फंसा हुआ है।
पश्चिम एशिया की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
फिलहाल यह दावा स्वतंत्र रूप से पूरी तरह सिद्ध नहीं है, लेकिन कई अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों ने इसे वॉल स्ट्रीट जनरल की रिपोर्ट के आधार पर प्रकाशित किया है। अगर यह सच साबित होता है, तो यह केवल इजरायल-ईरान संघर्ष की खबर नहीं रहेगी, बल्कि इराक की संप्रभुता, अमेरिकी भूमिका और पूरे पश्चिम एशिया की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल बन जाएगी।
‘ईरान दुनिया की चौथी महाशक्ति’ ईरानी संसद के उपाध्यक्ष का दावा
इस बीच ईरानी संसद के उपाध्यक्ष हमीदरेजा हाजी बाबाई ने दावा किया है कि ईरान दुनिया की चौथी महाशक्ति बन चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य हमेशा ईरानी राष्ट्र का है और कोई जहाज या तेल टैंकर ईरान की अनुमति के बिना वहां से नहीं गुजर सकता। हालांकि, इजरायल इनके देश में घुस गया यह आश्चर्यजनक ही है। ईरान का यह दावा सैन्य-राजनीतिक शक्ति से ज्यादा हॉर्मुज जलडमरूमध्य पर दबाव की राजनीति से जुड़ा है। हॉर्मुज दुनिया का अत्यंत महत्वपूर्ण ऊर्जा मार्ग है।
