तिलक समारोह में शुरू हुआ विवाद बना मौत की वजह, सार्वजनिक पिटाई से आहत युवक ने तोड़ा दम
राजेश सरकार / प्रयागराज
यमुनापार के बारा थाना क्षेत्र में एक युवक की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। आरोप है कि तिलक समारोह के दौरान बाजा बजाने को लेकर शुरू हुए विवाद में युवक के साथ सार्वजनिक रूप से मारपीट की गई। घटना से आहत युवक ने बाद में जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, कोरारी गांव निवासी राजेश बिन्द की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया। शिकायत में कहा गया कि तिलक समारोह के दौरान हुए विवाद में उनके पुत्र सुग्रीव बिन्द के साथ पहले मारपीट की गई। इसके बाद अगले दिन सुबह फिर उसके साथ मारपीट हुई। लगातार हुए अपमान और प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर सुग्रीव ने जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में उसे एसआरएन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले में थाना बारा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्ता कविता और अभियुक्त चन्द्रशेखर उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों असरवई गांव के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना के बाद गांव में गम और तनाव का माहौल है। स्थानीय लोग इसे सामाजिक अपमान और सार्वजनिक मारपीट से उपजे दर्दनाक परिणाम के रूप में देख रहे हैं।
