राजेश सरकार / प्रयागराज
यमुनानगर के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में दहेज हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर विवाहिता रीना द्विवेदी को लगातार प्रताड़ित किया गया और अंततः उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस के अनुसार, मध्य प्रदेश के रीवा जनपद स्थित अतरैला थाना क्षेत्र निवासी मंगलेश्वर प्रसाद पाठक ने 8 मई 2026 को शंकरगढ़ थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री रीना द्विवेदी को उसके ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए परेशान करते थे। आरोप है कि प्रताड़ना के बाद रीना की हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
रविवार को शंकरगढ़ पुलिस ने वांछित अभियुक्त राजेन्द्र प्रसाद द्विवेदी उर्फ राजा और उसके पुत्र रविशंकर द्विवेदी, निवासी भगदेवा, शंकरगढ़ को रेलवे पावर हाउस के पास से गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं और दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य तथ्यों की भी गहनता से जांच की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रमेश कुमार सिंह समेत थाना शंकरगढ़ के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
